TMC में बगावत के बीच ‘बिहारी बाबू’ का बेबाक अंदाज, सोशल मीडिया पोस्ट से सियासी हलचल तेज

नई दिल्ली। फिल्मों में अपने बेबाक डायलॉग के लिए मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा अब राजनीति में भी वही तेवर दिखा रहे हैं। TMC में मची अंदरूनी भगदड़ के बीच आसनसोल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने PM नरेंद्र मोदी को उनके 12 साल के कार्यकाल की बधाई देकर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।

मोदी को बधाई, दीदी को मैसेज

गुरुवार को ‘X’ पर किए गए पोस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा ने PM मोदी को “सच्चे खेल भावना” के साथ 12 साल पूरे करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे “अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल” बताया। खास बात ये रही कि इस बधाई पोस्ट में उन्होंने TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और यशवंत सिन्हा को भी टैग किया।

TMC में बगावत की आंच

बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद से TMC में बगावत की चिंगारी सुलग रही है। नेता प्रतिपक्ष पद को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दिल्ली तक पहुंच गया है। कई सांसद और विधायक ममता-अभिषेक के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। बागी नेताओं की लिस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी जुड़ गया है।

BJP से TMC तक का सफर

शत्रुघ्न सिन्हा ने करीब 3 दशक BJP में बिताए। 2019 में कांग्रेस जॉइन की और 2022 में TMC में शामिल हो गए। फिलहाल वो आसनसोल से TMC सांसद हैं। लेकिन पार्टी में चल रही मौजूदा उठापटक में वो भी बागी खेमे में दिख रहे हैं।

PM को क्या लिखा?

अपने पोस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा- “समाज और देश के हमारे मित्र और मार्गदर्शक, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपके उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करता हूं। जय हिंद।”

 

error: Content is protected !!