9 प्रतिष्ठानों के सैंपल फेल, पनीर से लेकर एग करी तक अमानक, त्योहार से पहले फूड विभाग की कार्रवाई से हड़कंप

Bilaspur: आप अगर नामी-गिरामी ब्रांड देखकर घी, पनीर या पोहा खरीदते हैं, तो यह खबर आपके होश उड़ा देगी। त्योहार के ठीक पहले आई लैब रिपोर्ट ने बड़े ब्रांडों की पोल खोल दी है।

जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने करीब एक महीने पहले शहर के 9 बड़े प्रतिष्ठानों से सैंपल लिए थे। इन सभी सैंपलों को रायपुर की राज्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट आई तो अधिकारी भी चौंक गए। 9 के 9 सैंपल फेल।

कौन-कौन फेल हुआ? लिस्ट देखिए –

सबसे बड़ा झटका घी के नाम पर लगा है। लोगों की रसोई में रोज इस्तेमाल होने वाले ब्रांड फेल हो गए हैं –

1. घी: शौर्य सुपर मार्ट से लिया गया अमूल और गोवर्धन ब्रांड का घी और देवरीखुर्द के अपना मार्ट से लिया गया वचन ब्रांड का घी जांच में फेल।

2. पनीर और दही: यह लिस्ट सबसे लंबी है। नेशनल डेयरी, एलिमेंटो कैफे, अल-कार्टे रेस्टोरेंट, अमृतुल्य फूड, सेलेस्टी रेस्टोरेंट – इन सब जगहों का पनीर मानकों पर खरा नहीं उतरा। अल-कार्टे का दही भी फेल।

3. किराना और रिटेल: रिलायंस रिटेल भाटापारा से लिया गया लाल किला ब्रांड का पोहा और चना भी अमानक पाया गया। गरिमा फैमिली ढाबा की एग करी भी फेल हुई है।

मतलब साफ है, घी से लेकर पनीर और पोहा तक, जो आप ब्रांड के नाम पर भरोसे से खा रहे हैं, वही सेहत के मानकों पर फेल है।

त्योहार से पहले छापे तेज

इधर, रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई दुकानों पर छापा तेज कर दिया है।

विभाग के अफसर आर.आर. देवांगन के निर्देश पर टीम ने बस स्टैंड के पास सूर्या रॉयल स्वीट्स से खोवा, जूनाबिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कुंदा और बेसन लड्डू, और बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली का सैंपल लिया।

कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खिरसागर पटेल और प्रतीक तिवारी शामिल रहे। इन सैंपलों को भी जांच के लिए भेजा गया है, फेल होने पर दुकानदारों पर कानूनी कार्रवाई होगी।

सवाल यही है कि जब बड़े ब्रांड ही फेल हो रहे हैं, तो आम आदमी किस पर भरोसा करे?

You missed

error: Content is protected !!