bank manager arrestbank manager arrest

कोरबा / बिलासपुर। लगभग 1 करोड़ रुपये के बैंक से गबन के छह साल पुराने मामले में एसीबी/ईओडब्ल्यू ने एसबीआई के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड राज्य के दुमका से गिरफ्तार किया है। उसने कई बैंक ग्राहकों के BGL खाते से डेबिट करने के साथ अपनी पत्नी और अन्य कर्मियों के खाते में जमा कर दी थी।

मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष 2018–19 के दौरान एसबीआई की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था सुनील कुमार झा। बैंक की शिकायत के अनुसार आरोपी ने अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर किए थे 93,60,797 रुपये।

कौन है आरोपी?

नाम: सुनील कुमार झा, पिता अशोक कुमार झा
उम्र: 35 वर्ष
पद: तत्कालीन मुख्य प्रबंधक, SBI बाल्को शाखा, कोरबा
पोस्टिंग: 01.06.2018 से 01.08.2019 तक
पता: हनुमान मंदिर के सामने, राखाबानी, रसीकपुर, दुमका (झारखंड)

मिली जानकारी के मुताबिक बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक की शिकायत पर एसीबी/ईओडब्ल्यू ने वर्ष 2020 में दर्ज किया था अपराध क्रमांक 07/2020। विवेचना के दौरान बैंक खातों के स्टेटमेंट, मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर जब्त किए गए। जब्त दस्तावेजों के परीक्षण के बाद प्रकरण में भा.द.वि. और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की अतिरिक्त धाराएँ जोड़ी गईं।

एसीबी बिलासपुर की टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी को झारखंड प्रदेश के दुमका जिला अंतर्गत स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुमका के न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को एसीबी की टीम छत्तीसगढ़ लेकर पहुंची।

जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी बैंक अधिकारी को कोरबा के संबंधित न्यायालय में किया गया पेश और पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया।

6 साल बाद हुई कार्रवाई

भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय, कोरबा के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में ईओडब्ल्यू/एसीबी मुख्यालय, रायपुर में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में दिनांक 01.06.2018 से 01.08.2019 तक मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ रहे सुनील कुमार झा ने बैंक के खातों से ₹93,60,797 अवैधानिक रूप से अपनी पत्नी श्रीमती श्वेता झा के खाता क्रमांक 63009221423, वाहन चालक के खाता क्रमांक 32974507786 तथा बैंक के अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर किए।

बैंकर के रूप में किया अपराध

शिकायत के अनुसार, इस प्रकार उन्होंने एक बैंकर के रूप में आपराधिक न्यास भंग कर बैंक को ₹93,60,797 की हानि पहुँचाई। इस पर ब्यूरो में आरोपी सुनील कुमार झा के विरुद्ध धारा 409 भा.द.वि. के तहत अपराध क्रमांक 07/2020 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान संकलित दस्तावेजों एवं साक्ष्यों से पाया गया कि लोकसेवक आरोपी सुनील कुमार झा भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। बैंक के अधिकारी के रूप में बैंक के हितों की रक्षा तथा बैंक के खाताधारकों और स्वयं बैंक के खातों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी।

दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी राशि

जांच में पाया गया कि उन्होंने बिना किसी विधिक अधिकार के बैंक के खातों से ₹93,60,797 की राशि अपने परिवार के सदस्यों एवं परिचितों के खातों में स्थानांतरित की। इस प्रकार एक बैंकर के रूप में बैंक के साथ धोखाधड़ी एवं आपराधिक न्यास भंग किया गया, जिससे भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा को ₹93,60,797 की हानि हुई।

जब्त किये गए स्टेटमेंट

प्रकरण की विवेचना में भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा के खाता क्रमांक 97893028199 (बैंक का टर्म लोन ब्याज खाता), खाता क्रमांक 98533028193 (सिस्टम सस्पेंस खाता) और खाता क्रमांक 98381028194 (डिस्काउंट खाता सीएन्डआई) के स्टेटमेंट जब्त किए गए। इसके साथ ही सुनील कुमार झा की पत्नी श्रीमती श्वेता झा के खाता क्रमांक 63009221423, वाहन चालक श्री रूदेश्वर सिंह ठाकुर के खाता क्रमांक 32974507786 तथा बैंक के अन्य लोन खाताधारकों के खातों के स्टेटमेंट भी जब्त किए गए।

शाखा से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर तथा डेबिट वाउचर भी जब्त किए गए। इन वाउचरों के माध्यम से उक्त बीजीएल खातों से राशि अवैधानिक रूप से डेबिट कर श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर तथा अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर की गई थी। उक्त वाउचर आरोपी सुनील कुमार झा ने तैयार किए थे।

इस आधार पर विवेचना के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)ए, 13(2) तथा भा.द.वि. की धारा 420, 467, 468 एवं 471 प्रकरण में जोड़ी गईं।प्रकरण में संकलित साक्ष्यों से आरोपी लोकसेवक सुनील कुमार झा, पिता अशोक कुमार झा, उम्र 35 वर्ष, तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, शाखा बाल्को, जिला कोरबा, निवासी हनुमान मंदिर के सामने, राखाबानी, रसीकपुर, दुमका (झारखंड) के विरुद्ध उक्त धाराओं के तहत अपराध के साक्ष्य पाए गए।

दुमका से गिरफ्तार कर लिया रिमांड पर

एसीबी बिलासपुर की टीम ने आरोपी सुनील कुमार झा को दुमका, झारखंड स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुमका के न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपी को छत्तीसगढ़ लाया गया। इसके बाद उसे कोरबा के संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ न्यायालय ने पुलिस रिमांड मंजूर किया। प्रकरण की विवेचना जारी है।

error: Content is protected !!