रायपुर। अगर आज आपके मोबाइल पर अचानक तेज आवाज के साथ कोई सरकारी अलर्ट आया है, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। दरअसल, भारत सरकार ने एक नया डिजास्टर इंफॉर्मेशन सिस्टम लॉन्च किया है, जिसके तहत देशभर में टेस्ट अलर्ट भेजे जा रहे हैं। इसका मकसद किसी खतरे की सूचना देना नहीं, बल्कि एक नई तकनीक की जांच करना है, ताकि भविष्य में आपदाओं के समय लोगों तक तुरंत और सही जानकारी पहुंचाई जा सके।
देशभर में भेजे गए टेस्ट अलर्ट
शनिवार को दोपहर लगभग 12 बजे देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स को एक टेस्ट मैसेज मिला, जिस पर “Extremely Severe Alert” लिखा था। इस मैसेज में साफ बताया गया कि यह एक टेस्ट है और लोगों को किसी तरह की कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है। यह अलर्ट नए सिस्टम के ट्रायल के तौर पर भेजा गया था।
आपदा प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम
केंद्र सरकार द्वारा विकसित इस मोबाइल-आधारित अलर्ट सिस्टम का उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपदा के दौरान त्वरित सूचना साझा करना है। परीक्षण के दौरान लाखों मोबाइल फोन पर एक ही समय में सायरन की आवाज सुनाई दी, जिससे सिस्टम की क्षमता और पहुंच का आकलन किया गया। यह तकनीक सेल ब्रॉडकास्टिंग पर आधारित है, जो बिना इंटरनेट के भी काम कर सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, इस सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह गंभीर मौसम, बाढ़ या अन्य आपातकालीन स्थितियों में सीधे प्रभावित क्षेत्र के लोगों को चेतावनी दे सके। इस परीक्षण के माध्यम से सरकार ने सिस्टम की तकनीकी खामियों को दूर करने और इसकी विश्वसनीयता को परखने का प्रयास किया है।

