बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर जिले बर्थडे पार्टी में तीन युवकों की हत्या करने वाला बर्थडे ब्वॉय जीतू सैनी मुठभेड़ में ढेर हो गया है। एनकाउंटर में एसओजी प्रभारी असलम और एक अन्य सिपाही भी घायल हो गए।

बर्थ डे पार्टी में जीतू सैनी ने 0.32 के पिस्टल से युवकों पर गोलियां बरसाई थीं जिसमें भाजपा नेता के परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी। पार्टी में केक लगाने को लेकर हुए विवाद में जीतू सैनी ने आकाश, मनीष और अमनदीप की गोली मारकर हत्या की थी।

एनकाउंटर की जानकारी देते हुए एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि खुर्जा नगर पुलिस स्टेशन के इलाके में आज तड़के हमारी पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटर पर आता हुआ दिखाई दिया। उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में कामयाब रहा।
एसएसपी ने बताया कि उसे ढूंढने के लिए लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए खुर्जा के जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

बुलंदशहर में 25 अप्रैल को खुर्जा के सुभाष रोड स्थित जिम में तिहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई थी। मंगलवार को एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया था कि थाना खुर्जा नगर में 25, 26 अप्रैल की दरमियानी रात घटना हुई थी। तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों मौके पर पहुंचे और कई टीमें लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई हैं। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आठ आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

इस तरह हुई हत्या की वारदात

25 अप्रैल की रात जिम में जीतू सैनी के बर्थडे की पार्टी चल रही थी। पार्टी में पूर्व भाजपा सभासद के परिवार के तीन सदस्य मनीष, आकाश और अमरदीप भी शामिल थे। इसके अलावा जीतू के भी दोस्त थे। जन्मदिन मनाने के बीच दोस्तों में चेहरे पर केक लगाने को लेकर मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
इस दौरान जीतू ने अपनी पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दीं। इसमें मनीष, आकाश और अमरदीप की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गया। जिम में गोलीबारी की आवाज सुन आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई गोलियां चलने से लोग दहशत में आ गए थे।

इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने पर प्रभारी निरीक्षक खुर्जा नगर को निलंबित किया गया है साथ ही चौकी प्रभारी व बीट आरक्षियों को भी निलंबित किया गया है।

You missed

error: Content is protected !!