अंबिकापुर। सरगुजा में मैनपाट घूमने आए केरल के दो छात्र-छात्रा नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसा घुनघुट्टा नदी के रपटा पर हुआ। बाइक का संतुलन बिगड़ने से दोनों बाइक समेत पानी में गिर गए। इस हादसे में 25 वर्षीय छात्र कृष्णनन नदी में बहकर लापता हो गया, जबकि 22 वर्षीय गौरी नंदन को स्थानीय युवक ने बचा लिया।
रायपुर में रहकर पढ़ते थे दोनों
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक-युवती रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। शनिवार को वे घूमने के लिए मैनपाट पहुंचे थे। घुनघुट्टा नदी के रपटा को पार करते समय सामने से एक कार आ गई। कार को साइड देने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई। नदी में तेज बहाव और फिसलन के कारण दोनों बाइक समेत पानी में जा गिरे।
स्थानीय युवक ने युवती को बचाया
युवती को नदी में बहता देख स्थानीय युवक सम्शुद्दीन खान ने तुरंत रस्सी फेंककर उसे बाहर निकाल लिया। वहीं कृष्णनन तेज बहाव में बह गया और अब तक उसका पता नहीं चल पाया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
लगातार बारिश के चलते घुनघुट्टा नदी उफान पर है, जिससे रेस्क्यू टीम को भी परेशानी हो रही है। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई है और लापता छात्र की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
FAQ: नदी में बह गया छात्र
सवाल 1. हादसा कहां और कैसे हुआ?
जवाब: मैनपाट के घुनघुट्टा नदी रपटा पर बाइक का संतुलन बिगड़ने से दो छात्र नदी में गिर गए।
सवाल 2. हादसे में कौन लापता हुआ?
जवाब: 25 वर्षीय छात्र कृष्णनन तेज बहाव में बहकर लापता हो गया है।
सवाल 3. युवती को किसने बचाया?
जवाब: स्थानीय युवक सम्शुद्दीन खान ने रस्सी फेंककर 22 वर्षीय गौरी नंदन को बचा लिया।
सवाल 4. दोनों छात्र कहां के रहने वाले हैं?
जवाब: दोनों केरल के रहने वाले हैं और रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे, घूमने मैनपाट आए थे।

