भिलाई नगर। भिलाई में एक लिफ्ट मांगना एक युवक को इतना महंगा पड़ गया कि उसकी जान ही चली गई। मामला सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक का है, जहां शनिवार आधी रात को हुई मामूली कहासुनी खूनी जंग में बदल गई। स्कूटी सवार बदमाशों ने युवक की जांघ में चाकू घोंप दिया और फरार हो गए। रविवार सुबह अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।
आधी रात को दुकान जाने के लिए मांग रहा था लिफ्ट
मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह चिचोला में दुकान चलाता था। शनिवार रात करीब 11.30 बजे वह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पर खड़ा था। उसे अपनी दुकान जाना था। पहले उसने एक ट्रक को हाथ दिया, ट्रक नहीं रुका। तभी वहां से गुजर रही स्कूटी को उसने रुकने का इशारा किया, बस यहीं से विवाद शुरू हो गया।
लड़की भी थी स्कूटी पर, बहस के बाद निकाला चाकू
बताया जा रहा है कि स्कूटी पर दो लड़के और एक लड़की सवार थे। लिफ्ट की बात पर दोनों पक्षों में गरमा-गरमी हो गई। गुस्से में स्कूटी सवार युवक ने जेब से धारदार चाकू निकाला और शिव कुमार की बाईं जांघ में घोंप दिया। खून से लथपथ युवक सड़क पर गिर पड़ा और आरोपी अंडरब्रिज की तरफ से टाउनशिप होते हुए दो स्कूटी पर भाग निकले।
हाइटेक से शंकराचार्य रेफर, नहीं बच सकी जान
लहूलुहान हालत में पुलिस उसे हाइटेक अस्पताल ले गई। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक मामूली लिफ्ट के विवाद ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया।
अब सीसीटीवी में तलाश, दोस्त नंबर तक नहीं देख पाया
एडिशनल एसपी शहर शोभराज अग्रवाल ने बताया कि नेहरू नगर चौक के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। मृतक के साथ मौजूद दोस्त इतना घबरा गया था कि वह स्कूटी का नंबर तक नोट नहीं कर पाया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
FAQ: लिफ्ट मांगने पर हो गई हत्या
सवाल 1. वारदात कहां हुई?
जवाब: सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक, भिलाई में शनिवार देर रात।
सवाल 2. विवाद किस बात पर हुआ?
जवाब: लिफ्ट मांगने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद स्कूटी सवार ने चाकू से हमला कर दिया।
सवाल 3. मृतक कौन था?
जवाब: कैंप-1 निवासी शिव कुमार सिंह, जो चिचोला में दुकान चलाता था।
सवाल 4. पुलिस क्या कर रही है?
जवाब: हत्या का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

