Congress to launch 'Sugar Satyagraha'Congress to launch 'Sugar Satyagraha'

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शक्कर की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है और अब इस मुद्दे पर सियासी पारा चढ़ गया है। महंगाई को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ऐलान किया है कि शक्कर के बढ़ते दामों के विरोध में पार्टी जल्द ही ‘चीनी सत्याग्रह’ शुरू करेगी। कांग्रेस का कहना है कि चीनी के दाम बढ़ने से सीधे तौर पर आम जनता की जेब पर असर पड़ रहा है और सरकार महंगाई रोकने में फेल हो गई है।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि शक्कर महंगी होने की एक बड़ी वजह गन्ने का इथेनॉल उत्पादन में ज्यादा इस्तेमाल है। देश में बड़ी मात्रा में गन्ना इथेनॉल बनाने में खप रहा है, जिसके कारण बाजार में शक्कर की सप्लाई पर असर पड़ा है और कीमतें बढ़ गई हैं। उन्होंने इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल से गाड़ियों में खराबी आने का भी दावा किया।

जनता से 36 हजार करोड़ रुपये वसूले: बैज

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार को 3 से 4 महीने पहले ही पता था कि शक्कर की कीमतें बढ़ने वाली हैं, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बैज ने कहा कि महंगाई के जरिए सरकार ने जनता से लगभग 36 हजार करोड़ रुपये वसूल लिए हैं और आम आदमी पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।

डबल इंजन सरकार पर भी निशाना

दीपक बैज ने केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार महंगाई कंट्रोल करने में पूरी तरह नाकाम रही है। जरूरी चीजों के दाम बढ़ने से सबसे ज्यादा मार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस आंदोलन को तेज करेगी।

नमक सत्याग्रह की तरह ‘चीनी सत्याग्रह’

कांग्रेस ने अपने इस आंदोलन को ‘चीनी सत्याग्रह’ नाम दिया है। दीपक बैज ने कहा कि जैसे महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के समय नमक पर टैक्स और कीमत बढ़ने के विरोध में नमक सत्याग्रह किया था, वैसे ही आज शक्कर की महंगाई आम लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। पार्टी इस मुद्दे को जनता से जोड़कर प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। फिलहाल आंदोलन की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन इसके बाद प्रदेश की सियासत गरमाने के आसार हैं।

FAQ: कांग्रेस करेगी चीनी सत्याग्रह

सवाल 1. कांग्रेस ने क्या ऐलान किया है?

जवाब: शक्कर की बढ़ती कीमतों के विरोध में ‘चीनी सत्याग्रह’ आंदोलन का ऐलान किया है।

सवाल 2. चीनी सत्याग्रह नाम क्यों रखा गया?

जवाब: गांधीजी के नमक सत्याग्रह की तर्ज पर, क्योंकि नमक की तरह शक्कर भी आम जरूरत की चीज है और महंगी हो रही है।

सवाल 3. दीपक बैज ने कीमत बढ़ने की वजह क्या बताई?

जवाब: गन्ने का बड़े पैमाने पर इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल होना, जिससे शक्कर की आपूर्ति घटी।

सवाल 4. सरकार पर क्या आरोप लगाया?

जवाब: आरोप है कि सरकार को 3-4 महीने पहले से जानकारी थी, फिर भी कदम नहीं उठाए और महंगाई से 36 हजार करोड़ वसूले।

error: Content is protected !!