Trending Now

रायपुर। मणिपुर में हो रही हिंसा को लेकर आज राजधानी रायपुर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला दहन भी किया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदेशभर से कार्यकर्ता मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी ने आज के दिन दिल्ली देश के कई स्थानों पर प्रदर्शन की घोषणा की थी।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि मणिपुर पिछले तीन महीनों से हिंसा और वहशीपन की आग में दहक रहा है। वहां सरेआम लोगों को मारा-काटा जा रहा है, लोगों के मकान जलाए जा रहे हैं। महिलाओं के साथ बर्बरता की जा रही है, लेकिन वहां की बीजेपी सरकार कुछ करने के बजाय हाथ पर हाथ रखकर बैठी है।

हुपेंडी ने कहा, बीजेपी वहां माहौल को शांत करने के बजाय हिंसा भड़काने का काम कर रही है। दो समुदायों के बीच नफरत फैलाई जा रही है। केंद्र सरकार इस मामले पर ध्यान देने के बजाय मूकदर्शक बनी हुई है। मणिपुर में हो रही हिंसा को रोकने में मणिपुर सरकार और केंद्र सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि हिंसा में कई लोग मारे गए, सैकड़ों बच्चे अनाथ हो गए। यह सब बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह को हटाया जाये और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया जाये। मणिपुर को लेकर आज आम आदमी पार्टी ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया है। जब तक मणिपुर सरकार की बर्खास्तगी नहीं की जाती, तब तक मणिपुर के न्याय के लिए ‘आप’ का संघर्ष जारी रहेगा।

You missed

error: Content is protected !!