फिल्म स्टार से रग्बी इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक — ‘हमर पहुना’ में खुलकर बोले राहुल बोस
रायपुर प्रेस क्लब का विशेष संवाद कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ इस बार खास बन गया। इसमें प्रसिद्ध अभिनेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं रग्बी इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बोस पहुना के रूप में शामिल हुए।
पत्रकारों से उन्होंने खुलकर संवाद किया। बात सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रही — खेल, रग्बी के विकास, युवाओं की भागीदारी और भारतीय खेलों के भविष्य पर लंबी चर्चा हुई।

हमर पहुना’ में क्या हुआ?
कार्यक्रम में राहुल बोस ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए रग्बी खेल के प्रति अपने अनुभव, भारत में इस खेल की संभावनाओं और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत पर चर्चा की।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में आयोजित अस्मिता रग्बी स्टेट लीग की सराहना की और कहा कि महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

11 साल देश के लिए खेले रग्बी, अब अध्यक्ष के रूप में दे रहे हैं दिशा
राहुल बोस भारतीय रग्बी टीम के खिलाड़ी के रूप में 11 वर्षों तक देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2009 में खेल से संन्यास लेने के बाद भी वह रग्बी के विकास से जुड़े रहे।
वर्ष 2021 में रग्बी इंडिया के अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने देश में इस खेल को लोकप्रिय बनाने, युवा प्रतिभाओं को अवसर देने और प्रतियोगिताओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए हैं।

रग्बी को लेकर क्या बोले राहुल बोस?
उन्होंने रग्बी को आक्रामक, रोमांचक और चुनौतीपूर्ण खेल बताते हुए इसे देश के हर वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
भारतीय महिला रग्बी टीम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन की संभावनाओं को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया। वर्ष 2032 के ओलंपिक को भारतीय रग्बी के विकास के महत्वपूर्ण लक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है।
फिल्मों पर भी खुलकर की बात — अब चरित्र अभिनय की तलाश
अपने फ़िल्मी करियर के बारे में जिक्र करते हुए राहुल बोस ने बताया कि उन्हें अलग-अलग तरीके के रोल करना पसंद है।
फिलहाल दो कॉमेडी फिल्म करने के बाद उनकी तलाश अब चरित्र अभिनय करने की है। उनकी दो नई फिल्में जल्द ही दर्शकों को देखने को मिलेंगी।
उन्होंने पत्रकारों से अपने आप को फिट रखने के लिए खेल और व्यायाम जैसी एक्टिविटी करते रहने की सलाह भी दी।

बचपन से ही है घूमने का शौक — वहीं से शुरू हुआ भारत से प्यार
राहुल बोस ने बताया कि उन्हें बचपन से ही घूमने-फिरने का शौक रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में परिवार के साथ की गई ट्रिप ने उनके अंदर भारत की संस्कृति, वास्तुकला और ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जानने की दिलचस्पी पैदा की।
उन्होंने कहा —
“अपने देश से मिलने वाला प्यार कुछ ऐसा था कि आप शाम को किसी पुराने और अंधेरे बंगले में आराम करते थे और सुबह उठकर किसी मंदिर की वास्तुकला या ऐतिहासिक खंडहर देखते थे। देश के अलग-अलग हिस्सों में गाड़ी से घूमना अपने आप में बहुत सुखद अनुभव था। भारत के लिए मेरा प्यार वहीं से शुरू हुआ और कभी खत्म नहीं हुआ।”
उन्होंने बताया कि इन यात्राओं के दौरान पुराने बंगलों में ठहरना, सुबह-सुबह मंदिरों की वास्तुकला देखना और ऐतिहासिक खंडहरों को करीब से जानना उनके लिए बेहद खास अनुभव हुआ करता था।
छत्तीसगढ़ को लेकर क्या कहा? — ये पहली यात्रा है, आखिरी नहीं”
छत्तीसगढ़ के दौरे को लेकर राहुल ने बताया कि उन्हें खिलाड़ियों से मिलना और देश में नई-नई जगहों को एक्सप्लोर करना पसंद है। रायपुर आकर उन्हें ये दोनों अनुभव एक साथ मिले।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आने के बाद अब मैं यहां की घूमने लायक जगहों के बारे में बात कर रहा हूं। मुझे दो चीजें बहुत पसंद हैं। पहली, खिलाड़ियों से मिलना और दूसरी, देश की नई-नई जगहों पर जाना। यहां रायपुर आकर मेरी ये दोनों इच्छाएं पूरी हुईं। मुझे खिलाड़ियों से मिलने का मौका भी मिला और इस जगह को देखने का भी।
“मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि छत्तीसगढ़ में यह मेरी पहली यात्रा है लेकिन आखिरी नहीं।”
अभिनेता ने राज्य के पर्यटन स्थलों को देखने की इच्छा जताने के साथ ही यहां की प्रस्तावित फिल्म सिटी से स्थानीय कलाकारों और फिल्म इंडस्ट्री को मिलने वाले अवसरों पर भी बात की।
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, एवं भूपेश जांगड़े सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी और पत्रकार साथी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
‘हमर पहुना’ कार्यक्रम के माध्यम से पत्रकारों को विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है।

