कोरबा। मोबाइल में बिना अनुमति के अचानक सॉफ्टवेयर अपडेट शुरू हुआ, करीब डेढ़ घंटे तक फोन पूरी तरह हैंग रहा और जब फोन सामान्य हुआ तो पता चला कि दो बैंक खातों से कुल 1 लाख 16 हजार रुपये गायब हो चुके हैं। बालको क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड निवासी 47 वर्षीय अनूप मालाकार के साथ हुई इस वारदात ने साइबर ठगी के नए तौर-तरीकों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
अपडेट शुरू हुआ और फोन ने काम करना बंद कर दिया
अनूप के अनुसार 8 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह घर पर मोबाइल चला रहे थे, तभी बिना किसी जानकारी या सहमति के फोन में अपडेट शुरू हो गया। कुछ देर बाद फोन सामान्य हुआ, फिर अचानक दोबारा अपडेट शुरू हो गया और करीब डेढ़ घंटे तक वह फोन का उपयोग नहीं कर पाए।
खाता चेक किया तो उड़े थे 1.16 लाख रुपये
शक होने पर उन्होंने बैंक खातों की जांच की तो पता चला कि ठगों ने उनके ICICI बैंक खाते से 1 लाख रुपये और यूनियन बैंक खाते से 16 हजार रुपये निकाल लिए हैं। उन्होंने तुरंत बालको थाना पहुंचकर शिकायत दी और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी ऑनलाइन शिकायत की। अब उन्होंने FIR दर्ज कर रकम का पता लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की अपील — अपडेट या लिंक को हल्के में न लें
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी लगातार तरीके बदल रहे हैं — कभी फर्जी हेल्पलाइन नंबर, कभी संदिग्ध लिंक, तो अब मोबाइल अपडेट जैसी गतिविधियों की आड़ में लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस ने अपील की है कि फोन में अनजान लिंक, अचानक शुरू होने वाले अपडेट या किसी भी असामान्य गतिविधि को हल्के में न लें और बैंक खाते या मोबाइल से जुड़ी कोई भी संदिग्ध स्थिति दिखने पर तुरंत बैंक और हेल्पलाइन 1930 से संपर्क करें।
9 महीने बाद दर्ज हुआ दूसरा मामला
इसी तरह के एक अन्य पुराने मामले में बालको के MTI सेक्टर-7 निवासी मनोज कुमार पंडित (48) ने करीब 9 महीने बाद लिखित आवेदन देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कराया है। 2 फरवरी 2026 को वह बिहार में रहने वाले परिवार के खाते में 10 हजार रुपये भेज रहे थे, जो खाते में नहीं पहुंचे। इसके बाद उन्होंने इंटरनेट पर फोन-पे का हेल्पलाइन नंबर खोजकर कॉल की, तो कॉल उठाने वाले ने वरिष्ठ अधिकारी से बात कराने का भरोसा दिया और दूसरे व्यक्ति ने रकम वापस कराने के नाम पर मोबाइल पर एक लिंक भेजा।
लिंक नहीं खोला, फिर भी उड़ गए 2.91 लाख
मनोज को लिंक संदिग्ध लगा, उन्होंने उसे नहीं खोला और हटाने की कोशिश की, लेकिन वह डिलीट नहीं हुआ। फिर 8 फरवरी की रात करीब 12 बजे उनके खाते से 2,91,921 रुपये निकलने का मैसेज आया। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से खाता बंद कराया और 1930 पर शिकायत का प्रयास किया, लेकिन शिकायत दर्ज नहीं हो सकी। अगले दिन बालको थाना जाकर ऑनलाइन शिकायत कराई गई थी और अब लिखित आवेदन के आधार पर अपराध दर्ज कर रकम होल्ड कराने व वापस दिलाने की मांग की है।

