APK Gang’ Busted: बैंक का KYC अपडेट कराना हो, पेंशन का लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना हो या बिजली का बिल भरना हो — ठग अब आपकी इन्हीं जरूरतों को आपका खाता खाली करने का हथियार बना रहे हैं।
बस एक छोटी-सी फाइल… एक क्लिक… और फिर फोन ठगों के कब्जे में, खाता ठगों के कब्जे में।
दिल्ली पुलिस ने ऐसे ही एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है, जिसने देशभर में 22 हजार से ज्यादा लोगों को निशाना बनाकर 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की है।
जामताड़ा से दिल्ली तक फैला था जाल
पश्चिमी जिला साइबर पुलिस ने इस सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ने के लिए 1000 से अधिक साइबर शिकायतों का विश्लेषण किया। 20 से अधिक ई-एफआईआर और संदिग्ध APK फाइलों की जांच में एक संगठित नेटवर्क सामने आया।
फिर शुरू हुआ 5 दिन का बड़ा ऑपरेशन
झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में एक साथ दबिश दी गई। 7 टीमों में शामिल 64 पुलिसकर्मियों ने 17 ठिकानों पर छापा मारा और 22 आरोपियों को दबोच लिया।
इनमें सिर्फ ठगी करने वाले ही नहीं, बल्कि APK फाइल और ठगी का पैनल तैयार करने वाले डेवलपर भी शामिल हैं।
जांच में पता चला कि आरोपियों के खिलाफ देशभर में 22,139 पीड़ितों को निशाना बनाने और 2080 शिकायतों से सीधे जुड़े होने के सबूत मिले हैं।
निशाना कौन? — सबसे ज्यादा बुजुर्ग
जांच में सामने आया कि आरोपी खासकर बुजुर्गों को निशाना बनाते थे।
क्यों? क्योंकि बुजुर्गों को KYC, पेंशन, लाइफ सर्टिफिकेट और बिजली बिल जैसी चीजों की सबसे ज्यादा चिंता रहती है — और ठग इसी डर का फायदा उठाते थे।
ठगी का तरीका — बिल्कुल फिल्मी, बिल्कुल खतरनाक
पहले फोन या व्हाट्सएप पर मैसेज आता था —
“सर, आपका बैंक KYC अधूरा है, खाता बंद हो जाएगा।”
“पेंशन के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना है।”
“बिजली बिल अपडेट नहीं हुआ, कनेक्शन कट जाएगा।”
“क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ानी है।”
बात करने वाला खुद को बैंक अधिकारी, बिजली कंपनी या सरकारी योजना का प्रतिनिधि बताता था।
भरोसा जीतने के बाद पीड़ित से एक APK फाइल डाउनलोड करवाई जाती थी।
एक क्लिक करते ही फोन ठगों के हाथ में
मोबाइल में ऐप इंस्टॉल होते ही वह बैंकिंग जानकारी, SMS, OTP, कॉल और गैलरी तक पहुंचने की अनुमति मांगता था।
पीड़ित को लगता था — ये तो सरकारी ऐप है।
लेकिन असल में वो ऐप जासूसी का हथियार था।
इन्हीं अनुमतियों का फायदा उठाकर आरोपी मोबाइल और बैंक खातों पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लेते थे। फिर खातों से रकम निकालना, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करना और क्रेडिट कार्ड की लिमिट इस्तेमाल करना — सब कुछ उनके हाथ में था।
पीड़ित को पता तब चलता था, जब खाते से पैसे कटने का मैसेज आता था। तब तक बहुत देर हो चुकी होती थी।
डेवलपर से लेकर ठग तक — पूरा नेटवर्क
पुलिस ने जांच में 11 अलग-अलग ठग समूहों और APK पैनल तैयार करने वाले नेटवर्क की पहचान की है।
यह कोई एक-दो लोगों का खेल नहीं था। इसमें —
- APK तैयार करने वाले डेवलपर
- APK बांटने वाले
- लोगों को फोन करने वाले
- पैसा निकालने और आगे पहुंचाने वाले
सबकी भूमिका अलग-अलग थी।
पुलिस ने 32 संदिग्ध APK फाइलों की फॉरेंसिक जांच की, 56 से अधिक टेलीग्राम प्रोफाइल और उनसे जुड़े व्हाट्सएप नंबरों की पड़ताल की।
छापे में क्या-क्या बरामद हुआ?
आरोपियों के पास से पुलिस को मिला —
- 63 मोबाइल फोन
- 2 लैपटॉप
- 2 मैकबुक
- 1 टैब
इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में ठगी से जुड़े अहम डिजिटल सबूत मिलने की उम्मीद है।
ऑपरेशन का असर — दिल्ली में शिकायतें आधी से भी कम
दिल्ली में इस ऑपरेशन का असर सीधे शिकायतों में दिखा है।
पुलिस के मुताबिक —
- 2 से 10 नवंबर के बीच — APK फाइल से जुड़ी 1406 शिकायतें
- 11 से 17 नवंबर के बीच — घटकर सिर्फ 724 शिकायतें
यानी ऑपरेशन के बाद APK आधारित साइबर ठगी में 50 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों और ठगी के नए तरीकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की चेतावनी — ये 3 बातें हमेशा याद रखें
- बैंक, बिजली कंपनी या सरकारी विभाग कभी व्हाट्सएप पर APK फाइल नहीं भेजता।
- किसी अनजान लिंक या फाइल पर क्लिक न करें, चाहे वो कितना भी जरूरी क्यों न लगे।
- KYC, पेंशन या बिल से जुड़ा कोई भी काम सिर्फ आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या दफ्तर में ही करें।
और अगर फिर भी कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज आए, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
क्योंकि इस ठगी में ठग आपकी गलती का नहीं, आपके भरोसे का फायदा उठाते हैं।

