Attempt to drive away an elephant: कोरबा के कुदमुरा वन परिक्षेत्र में हाथियों को भगाने के लिए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के साइलेंसर निकालकर तेज आवाज की और उसे लेकर जंगल में घुस गए। इससे नाराज एक हाथी ने ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। वाहन चालक की पहचान भी कर ली गई है। उसकी और शोरगुल मचाने वाले ग्रामीणों की तलाश की जा रही है।

धरमजयगढ़ की ओर से आया था 11 हाथियों का झुंड

बता दें कि, धरमजयगढ़ की ओर से 11 हाथियों का झुंड जिल्गा गांव के पास जंगल में पहुंचा था। फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका से ग्रामीण हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे।

साइलेंसर निकालकर तेज आवाज की, फिर हाथी ने कर दिया हमला

सोमवार सुबह सुखनंदन सिंह राठिया और सुदामा राठिया ट्रैक्टर लेकर जंगल पहुंचे। उन्होंने जंगल की ओर प्रवेश करते हुए ट्रैक्टर के साइलेंसर निकालकर तेज आवाज करनी शुरू कर दी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपा एक हाथी अचानक बाहर निकला और ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा।

हाथी को अपनी ओर आता देख ग्रामीण वाहन छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। इसके बाद हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर उठाया और जमीन पर पटक दिया। इससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।

पैरा के ढेर में छिपाया था ट्रैक्टर

घटना के बाद ग्रामीण दूसरे ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को गांव ले गए और उसे पैरा के ढेर में छिपा दिया। लेकिन घटना का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंच गई।

जांच में ट्रैक्टर चालक दिग्विजय राठिया और वाहन मालिक सुदामा राठिया की पहचान हुई है। दोनों जिल्गा गांव के निवासी हैं। वन विभाग ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की है।

जांच में यह भी पता चला कि ट्रैक्टर चला रहे दिग्विजय के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था. मामले में मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर 25 नवंबर को तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिग्विजय सिंह (25), सुकनंदन (36) और सब्बीर खान (35) के रूप में हुई है. तीनों जिलगा गांव के रहने वाले हैं. वन विभाग ने इनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की है. तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

वन विभाग की चेतावनी – खुद हाथी भगाने की कोशिश न करें

वन विभाग के मुताबिक, जिल्गा के आसपास के जंगल में 11 हाथियों का झुंड मौजूद है। विभाग की टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि वे हाथियों को खुद भगाने की कोशिश न करें। ट्रैक्टर का शोर, पटाखे और दूसरी तेज आवाजें हाथियों को आक्रामक बना सकती हैं। इससे जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।

You missed

error: Content is protected !!