talak ko manjuritalak ko manjuri

Bilaspur: पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना, उससे मिलना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के समान है। इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना जरूरी नहीं है। पत्नी के दूसरे पुरुष से लगातार फोन पर बातचीत करने, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाने, उसके साथ बाहर जाने जैसी गतिविधियां भी अहम हैं, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पति-पत्नी के बीच तलाक के मामले में यह अहम टिप्पणी की। हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के आदेश को निरस्त कर पति को तलाक का हकदार माना है।

32 साल बाद पति ने मांगा तलाक

दरअसल, मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती का है। दोनों की शादी साल 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं।

पति का आरोप था कि पत्नी का दूसरे पुरुष से संबंध है। मना करने के बावजूद वह उससे बातचीत करती रही, जिससे उसकी मैरिड लाइफ प्रभावित हुई। इसी आधार पर पति ने तलाक की मांग की थी।

फैमिली कोर्ट ने तलाक की अर्जी खारिज की

पति ने मानसिक प्रताड़ना और दूसरे पुरुष से संबंध होने का आरोप लगाते हुए फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी लगाई थी। 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त सबूत नहीं होने के आधार पर अर्जी खारिज कर दी। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में अपील की।

हाईकोर्ट ने गवाहों के बयान और पेश किए गए सबूतों की जांच की। कोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने मामले के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार नहीं किया था।

बेटी बोली- समझाने के बाद भी मां ने बातचीत नहीं रोकी

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बेटी ने बताया कि, उसकी मां एक व्यक्ति से लगातार फोन पर बात करती थी। परिवार के लोगों ने उसे समझाया, लेकिन उसने बातचीत बंद नहीं की।

बेटा बोला- दूसरे व्यक्ति के साथ बाहर जाती थी मां

बेटे ने भी गवाही दी है कि पिता की गैरमौजूदगी में वह व्यक्ति घर आता था। बच्चों के पिता को इसकी जानकारी देने पर मां उन्हें डांटती थी। बेटे के मुताबिक, एक बार मां घर छोड़कर उस व्यक्ति के घर भी चली गई थी।

पति ने बाइक पर दोनों को साथ देखा

पति ने कोर्ट को बताया कि, 22 अगस्त 2017 को पत्नी के माता-पिता की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल भेजा था। बाद में उसने पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर देखा। समझाने पर पत्नी ने दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद फिर संपर्क शुरू हो गया।

कोर्ट बोला- परिस्थितिजन्य सबूत भी अहम

हाईकोर्ट ने कहा कि, शादी के बाद संबंधों के मामलों में प्रत्यक्ष सबूत जुटाना हमेशा संभव नहीं होता। हर मामले में फोन रिकॉर्डिंग, वीडियो या दूसरे प्रत्यक्ष प्रमाण की उम्मीद नहीं की जा सकती। ऐसे मामलों में परिस्थितिजन्य सबूत और गवाहों के बयानों का एक साथ मूल्यांकन करना जरूरी है।

कोर्ट के मुताबिक, शारीरिक संबंध साबित नहीं होने के बावजूद दूसरे पुरुष से लगातार बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसी गतिविधियां मानसिक क्रूरता के आकलन में अहम हो सकती हैं। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली।

जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने फैमिली कोर्ट का फैसला पलटते हुए ये फैसला सुनाया। कोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की।

FAQ: हाई कोर्ट ने तलाक को दी मंजूरी

  • हाईकोर्ट ने क्या कहा?
    पत्नी का गैर मर्द से लगातार संपर्क रखना मानसिक क्रूरता है, इसके लिए शारीरिक संबंध का सबूत जरूरी नहीं।
  • शादी कब हुई थी?
    1994 में, बैकुंठपुर, कोरिया जिला।
  • फैमिली कोर्ट ने क्या किया था?
    23 नवंबर 2019 को सबूत कम होने के आधार पर तलाक की अर्जी खारिज कर दी थी।
  • किस धारा में तलाक मिला?
    हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत।

You missed

error: Content is protected !!