Women’s Skill Center at Dhamtari: अब छत्तीसगढ़ की महिलाएं सिर्फ हुनर से कपड़े नहीं बुनेंगी,बल्कि अपने हुनर से दुनिया के बाजार में अपनी पहचान भी बनाएंगी, धमतरी के हथकरघे और खादी को अब ग्लोबल मंच देने की तैयारी है, और इसकी शुरुआत हुई है एक ऐसी पहल से, जो महिलाओं के हुनर को रोजगार, रोजगार को व्यवसाय, और व्यवसाय को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने का रास्ता खोल सकती है।

धमतरी में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई इबारत लिखी जा रही है। यहां भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक में देश का पहला ‘स्त्री’ स्किल सेंटर शुरू किया गया है। एनआईटी रायपुर और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल से शुरू हुए इस सेंटर का मकसद महिलाओं को हथकरघा और टेक्सटाइल क्षेत्र में प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है।

यहां महिलाओं को सिर्फ कपड़ा बनाना ही नहीं सिखाया जाएगा, बल्कि उत्पाद तैयार करने से लेकर उत्पादन की तकनीक, मार्केटिंग, ब्रांडिंग और व्यवसाय की बारीकियों तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इतना ही नहीं अपना स्टार्टअप शुरू करने की इच्छुक महिलाओं को भी सहयोग मिलेगा। यानी हुनर के साथ कारोबार का रास्ता भी तैयार होगा।
धमतरी के खादी और सूत की अपनी एक खास पहचान रही है। अब इस पहचान को स्थानीय बाजार तक सीमित रखने के बजाय अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की योजना है। प्रशासन और एनआईटी रायपुर की इस पहल से उम्मीद है कि महिलाएं अपने उत्पादों को खुद बाजार तक पहुंचाएंगी। अपना ब्रांड बनाएंगी और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक वस्त्रों को वैश्विक पहचान दिलाएंगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा का मानना है कि यह सेंटर महिलाओं को टेक्सटाइल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान और ब्रांड स्थापित करने का अवसर देगा। वहीं एनआईटी रायपुर भी इस पहल को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर आगे बढ़ा रहा है।

छत्तीसगढ़ में महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने के प्रयास लगातार हो रहे हैं, लेकिन धमतरी की यह पहल पारंपरिक हुनर को आधुनिक कारोबार से जोड़ने की एक नई कोशिश है। एनआईटी रायपुर के डा. अनुज शुक्ला ने कहा कि अगर यह प्रयोग सफल रहा। तो धमतरी की बुनाई सिर्फ कपड़ों तक नहीं। बल्कि महिलाओं के सपनों। आत्मनिर्भरता और वैश्विक पहचान तक का सफर तय कर सकती है।


