रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित iNext Apple Store में हुई 1.89 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है।
24 अक्टूबर को हुई इस वारदात में चोर महज 8 मिनट के भीतर 173 iPhone समेत लाखों रुपये के महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए थे। पुलिस की जांच में मध्यप्रदेश के कंजर गैंग पर संदेह सामने आया है। मामले का खुलासा रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया।

8 मिनट में 1.89 करोड़ का सामान पार
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 24 अक्टूबर को चोरी की गाड़ी से iNext Apple Store पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया था। चोरों ने बेहद कम समय में स्टोर से 173 iPhone के अलावा स्मार्ट वॉच, हेडफोन और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिए।
इतना ही नहीं, आरोपी दुकान में लगा DVR भी अपने साथ ले गए, ताकि CCTV रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ न लग सके।

एक गाड़ी की परछाई से मिला अहम सुराग..!
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर जांच शुरू की। जांच के दौरान करीब 265 किलोमीटर के दायरे में लगभग 1000 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
इस दौरान एक गाड़ी की परछाई पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की आवाजाही और वारदात से जुड़े घटनाक्रम को जोड़ने में मदद मिली।

चार राज्यों में भेजी गई पुलिस टीमें
आरोपियों की तलाश में रायपुर पुलिस ने चार राज्यों में टीमें भेजीं। इनमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात शामिल हैं। पुलिस को चोरी के मामले में मध्यप्रदेश के कंजर गैंग पर संदेह है।
जांच में चोरी के इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का भी पता लगाया गया है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि चोरी किए गए मोबाइल और अन्य सामान किन लोगों तक पहुंचाए गए।

अब तक 125 iPhone बरामद, 44 की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, अब तक चोरी हुए 125 iPhone बरामद किए जा चुके हैं। वहीं करीब 44 iPhone की तलाश अभी जारी है। अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की बरामदगी और चोरी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपियों और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री में शामिल नेटवर्क तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं।
रायपुर में हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। महज 8 मिनट में करोड़ों रुपये के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले जाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।

