Bilaspur: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले डॉक्टर इंद्रजीत सिंह सिद्धू के परिवार को मिलने वाले मुआवजे की राशि में संशोधन किया है।
कोर्ट ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण द्वारा निर्धारित 2 करोड़ 49 लाख 46 हजार 800 रुपये के मुआवजे को घटाकर 2 करोड़ 37 लाख 33 हजार 211 रुपये कर दिया है।
न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की एकलपीठ ने न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी की अपील को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए यह फैसला सुनाया।
कैसे हुआ था हादसा?
मामला 5 जून 2017 का है। इंद्रजीत सिंह सिद्धू अपनी होंडा सिटी कार से बिलासपुर से कोरबा जा रहे थे। उनके साथ विजय सिंह और हेमंत कुमार लहरे भी थे।
लगरा गांव में आरटीओ कार्यालय के पास तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में सरकंडा थाने में ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था।
कौन थे डॉक्टर सिद्धू? कितनी थी आय?
मृतक कोरबा के श्री बालाजी ट्रॉमा एंड सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में जनरल मेडिसिन विभाग में पेशेवर कंसल्टेंट थे।
- मासिक आय: 2.30 लाख रुपये
- सालाना आय: 27.60 लाख रुपये
पत्नी दिलशाद कौर सिद्धू और दो बच्चों ने अधिकरण में 3 करोड़ 27 लाख 46 हजार रुपये से अधिक मुआवजे की मांग की थी।
अधिकरण ने क्या दिया था आदेश ?
रायपुर के प्रथम अतिरिक्त मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 21 जनवरी 2020 को परिवार को 2.49 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा देने का आदेश दिया था। इस पर बीमा कंपनी ने हाईकोर्ट में अपील की।
बीमा कंपनी का क्या था तर्क?
- अधिकरण ने मृतक की आय से आयकर की कटौती सही तरीके से नहीं की।
- 49 वर्ष की उम्र को देखते हुए भविष्य की संभावित आय में 30 प्रतिशत के बजाय 25 प्रतिशत वृद्धि जोड़ी जानी चाहिए थी।
- कंपनी ने ब्याज दर भी 7.5 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत करने की मांग की।
हाईकोर्ट ने क्या कहा?
हाईकोर्ट ने वित्तीय वर्ष 2017-18 के आयकर स्लैब के अनुसार 6,59,715 रुपये की टैक्स देनदारी घटाने के बाद मृतक की शुद्ध सालाना आय 21,00,285 रुपये निर्धारित की।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के प्रणय सेठी मामले में दिए गए सिद्धांतों के आधार पर हाईकोर्ट ने भविष्य की संभावित आय में 30 प्रतिशत वृद्धि को उचित माना। बीमा कंपनी की इसे 25 प्रतिशत करने की मांग खारिज कर दी गई।
अदालत ने ब्याज दर में भी बदलाव नहीं किया।
आयकर की सही गणना के आधार पर मुआवजे में 12 लाख 13 हजार 589 रुपये की कटौती की गई। इस तरह परिवार को अब 2 करोड़ 37 लाख 33 हजार 211 रुपये मुआवजा मिलेगा।
फिलहाल, 8 साल पुराने इस हादसे में डॉक्टर के परिवार को अब हाईकोर्ट के फैसले से बड़ी राहत मिली है।

