9 महीने में फैलाया जाल — बीमार बच्चे के इलाज के नाम पर 4.5 लाख लिए, मौत के बाद धमकी दी!
अंबिकापुर / सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रूहानी ताकत का भय दिखाकर, जादू-टोने और बीमारी ठीक करने के दावों के जरिए लोगों को ठगने वाले कथित बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी नौशाद अली*के रूप में हुई है, जो करीब नौ महीने पहले अंबिकापुर पहुंचा था और रसूलपुर क्षेत्र में अपने चेले बबलू खान के घर रह रहा था।
आरोप है कि उसने सौ से अधिक लोगों से अलग-अलग बहानों से लाखों रुपये ऐंठे, जिसके बाद 24 नवंबर की रात बड़ी संख्या में लोगों ने कोतवाली थाने पहुंचकर घेराव किया और कार्रवाई की मांग की।
ठिकाने का नाम रखा ‘रकह बाबे शिफा’
पुलिस व स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुल्तानपुर निवासी नौशाद अली लगभग 9 महीने पहले रसूलपुर के दीपक खान के घर पहुंचा था।
उसने खुद को ‘सूफी सईद बाबा’ बताया और अपने ठिकाने का नाम ‘रकह बाबे शिफा’ रखा था।
शिकायतों में कहा गया है कि वह —
- नि:संतान दंपतियों को संतान दिलाने,
- जादू-टोने से सब ठीक करने और
- रूहानी ताकतों के जरिये समस्याओं को दूर करने का दावा कर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

0 फर्जी बाबा नौशाद अली का ऐसा भी एक रूप
युवाओं को निशाना बनाने का आरोप
आरोप है कि नौशाद अली खुद को रूहानी ताकतों का मालिक और खुदा का मसीहा बताकर लोगों को प्रभावित करता था।
वकील मो. अनीस के अनुसार, वह 25 से 27 वर्ष के युवाओं को खास तौर पर निशाना बनाता था और जिन लोगों का कामकाज ठीक से नहीं चलता था, उन्हें रात में मिलने के लिए बुलाता था।
वकील ने यह भी बताया कि एक बीमार बच्चे के इलाज व ठीक करने का दावा कर उसके पिता से साढ़े चार लाख रुपये लिए गए थे, लेकिन दो महीने बाद बच्चे की मौत हो गई। आरोप है कि जब जवाब मांगा गया तो उसने रूहानी ताकत से खत्म करने की धमकी दी।

0 अधिवक्ता मो. अनीस
लोगों से लाखों रुपये वसूलने की शिकायत
शिकायतों में अलग-अलग लोगों से बड़ी रकम लेने के आरोप सामने आए हैं —
- आसीर अंसारी: फोन-पे और नकद से कुल 75 हजार रुपये
- बैकुंठपुर के बाबा खान: 9 लाख रुपये
- रसूलपुर के शाहिद: 4 लाख रुपये
- यासीर खान: 75 हजार रुपये
- आदिल: 10 हजार रुपये
- सोएब अख्तर: 20 हजार रुपये
- समीर सिद्दीकी: 20 हजार रुपये
- लारेब अहमद: 20 हजार रुपये

0 हारून रशीद, स्थानीय निवासी
इसके अलावा कई अन्य लोगों से भी हजारों रुपये ठगे जाने का आरोप है। हारून रशीद नामक शख्स ने बताया कि कथित बाबा अब तक लोगों से लाखों रूपये की वसूली कर चुका होगा। वह खास कर युवाओं को झांसे में लेता और उन्हें रात के वक्त घर पर बुलाता। रात के वक्त झाड़ फूंक और रूहानी किताबों के बारे में बताता। उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए उनसे रुपये झटकता था।

0 गिरफ्तार नौशाद अली
मकान को घेरा लोगों ने, पुलिस ने किया गिरफ्तार
ठगी के मामलों की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने कथित बाबा के ठिकाने को भी घेरा, लेकिन वहां आरोपी नहीं मिला।
इसके बाद पीड़ितों व स्थानीय लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर नौशाद अली को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

0 शिकायत के लिए थाने पहुंचे लोग
फिलहाल, पुलिस यह पता लगा रही है कि इस ठगी के जाल में और कितने लोग शामिल थे और कुल कितनी रकम ऐंठी गई। एएसपी राजेश देवांगन ने बताया कि मामले में पीड़ितों के बयां लिए जा रहे हैं और आरोपी की दूसरी करतूतों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।

0 राजेश देवांगन, एएसपी, सरगुजा

