खैरागढ़। सरकारी दफ्तर में अनुशासन की पोल खोलने वाला वीडियो सामने आया है। खैरागढ़ कलेक्टर कार्यालय परिसर में आबकारी विभाग के दो कर्मचारी शराब पीते कैमरे में कैद हुए। वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन ने मुख्य लिपिक समेत दो कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया।
वीडियो में कौन-कौन?
वायरल वीडियो में जिला आबकारी कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 सुजीत पुरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव नजर आ रहे हैं। दावा है कि दोनों कार्यालयीन समय में विभागीय परिसर में शराब का सेवन कर रहे थे।
प्रशासन ने लिया एक्शन
वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच के बाद दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शासकीय परिसर में ऐसी हरकत सेवा आचरण नियमों का सीधा उल्लंघन है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनता में नाराजगी
घटना से सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों से जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद होती है। ऐसी घटनाएं प्रशासन की छवि खराब करती हैं।
जांच जारी, और पर भी गिर सकती है गाज
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच चल रही है। अगर कोई और कर्मचारी या अधिकारी दोषी मिला तो उस पर भी कार्रवाई होगी। सभी शासकीय दफ्तरों में अनुशासन और कार्यस्थल की गरिमा बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

