रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा पंडरी इलाके में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घरेलू विवाद के चलते बाउंसर जितेंद्र वर्मा ने अपनी दो सालियों पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी, जिसमें एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना ऊषा प्राइड कमर्शियल रेजिडेंशियल बिल्डिंग के पास, अपोलो मेडिकल स्टोर के नजदीक हुई। मृतकों के नाम गीतांजलि वर्मा उर्फ जया और दुर्गेश्वरी वर्मा है।

प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आयी है कि आरोपी जितेंद्र वर्मा का उसकी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा से कुछ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद खिलेश्वरी अपने मायके आ गई थी। मायके आकर पत्नी ने बात नहीं की, जिससे आरोपी गुस्से में अपने ससुराल आ गया।
दरअसल ससुराल में पत्नी नहीं मिली। वह अपनी बड़ी बहन के घर गई हुई थी। जितेंद्र ने अपनी पत्नी और एक वर्ष के मासूम बच्चे के बारे में पूछा तो दोनों सालियों ने बताने से मना कर दिया। वह मिलने की जिद कर रहा था। सालियों ने नहीं बताया तो उसने विवाद शुरू कर दिया। विवाद के दौरान आरोपी जितेंद्र वर्मा ने अपनी दोनों सालियों पर गोली चला दी। इस दौरान गीतांजली के सिर पर गोली लगी, जिससे गीतांजलि वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्गेश्वरी वर्मा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
गोली चलाने के बाद जितेंद्र वर्मा भागने लगा और सड़क पर भी फायरिंग की। लोगों ने उसे घेरकर पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर सहित पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र वर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लाइसेंसी हथियार से वारदात को अंजाम दिया।
शुरुआती पूछताछ में यह पता चला है कि वह पत्नी से इतना नाराज था कि वह अपनी पत्नी को मारने के इरादे से ही लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। इस गोलीकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आखिर विवाद इतना गंभीर कैसे हुआ कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया।

