रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा की 11 सीटों में से 10 पर बीजेपी की जीत से पार्टी में जश्न का माहौल है। बीजेपी के सभी प्रमुख नेताओं के साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचे और एक दूसरे की मिठाई खिलाकर बधाई दी।

इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने लोकसभा चुनाव-2024 में भाजपानीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मिले पूर्ण बहुमत को ऐतिहासिक जनादेश बताते हुए अपनी विजय को पूरी विनम्रता से शिरोधार्य करते हुए इसे भारत के 140 करोड़ देशवासियों की जीत बताया है। पार्टी के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त कर ‘विकसित भारत – विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने और विश्व मंच पर भारत के गौरव को पुनर्प्रतिष्ठित करने के लिए प्रदेश की जनता का हृदय से आभार मानकर बधाई दी है। केंद्र में लगातार तीसरी बार सत्ता सम्हालने के लिए मिले जनादेश के दृष्टिगत राजधानी समेत पूरे प्रदेश में भाजपाजनों में उत्साह है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भाजपा की शानदार जीत पर प्रदेश की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत जनता और प्रधानमंत्री श्री मोदी 10 वर्षों में किए गए काम और लिए गए क्रांतिकारी निर्णयों की जीत है।

किरण देव ने छत्तीसगढ़ भाजपा को अभूतपूर्व जनसमर्थन मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनता-जनार्दन ने पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में जो स्वस्फूर्त मतदान किया है, उससे भाजपा का विश्वास फलीभूत हुआ है। देश की जो जनभावना प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ जुड़ी है, श्री मोदी के नेतृत्व पर जनता-जनार्दन का जो अटूट विश्वास स्थापित हुआ है, वह अभूतपूर्व है। किरण देव ने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

You missed

error: Content is protected !!