Sandeep Pandey appointed as In-charge DEO Bilaspur: प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर जायसवाल के पक्ष में हाईकोर्ट से नियुक्ति पर लगी अंतरिम रोक हटने के कुछ ही घंटे बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने उन्हें पद से हटा दिया। उनके स्थान पर कोरबा जिले के करतला के BEO संदीप कुमार पांडे को बिलासपुर का नया प्रभारी DEO नियुक्त किया गया। वहीं जायसवाल को प्रतिनियुक्ति पर जांजगीर-चांपा में समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक (DPC) की जिम्मेदारी दी गई है।
दरअसल मस्तूरी विकासखंड के जेवरा स्थित शास. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य जायसवाल को करीब तीन महीने पहले बिलासपुर का प्रभारी DEO बनाया गया था। उनकी नियुक्ति के खिलाफ कुछ वरिष्ठ प्राचार्यों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 10 जुलाई को उनकी नियुक्ति पर अंतरिम रोक लगा दी थी। इसके बाद प्रभार सहायक संचालक अजय कौशिक को दिया गया, जो 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो गए। तब सहायक संचालक वर्षा शर्मा को प्रभार सौंपा गया था।
मंगलवार को मिली राहत, पर कुछ घंटे में ही हटा दिया
इस बीच मंगलवार 9 सितंबर को हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर जायसवाल की नियुक्ति पर लगी रोक हटा दी। हालांकि राहत के कुछ ही घंटों बाद विभाग ने नया प्रशासनिक आदेश जारी कर उन्हें हटा दिया।

साथ में कई और तबादले किये विभाग ने
नए आदेश में राजेंद्र नगर, बिलासपुर स्थित शास. हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य डॉ. मोहनलाल पटेल को मुंगेली का प्रभारी DEO बनाया गया। मुंगेली के प्रभारी DEO एलपी डाहिरे को बिलासपुर संभाग संयुक्त संचालक शिक्षा कार्यालय में सहायक संचालक पद पर भेजा गया। सरगुजा संभाग के प्रभारी उप संचालक अश्वनी भारद्वाज को संयुक्त संचालक शिक्षा, बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार और बिलासपुर संभाग के प्रभारी उप संचालक राजेश सिंह को संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

