दुर्ग / भिलाई। भिलाई नगर निगम की अंतिम सामान्य सभा में इस बार सदन के अंदर से ज्यादा चर्चा सदन के बाहर हो रही थी।
वजह थी – भाजपा के वरिष्ठ नेता और वार्ड-15 के पार्षद संतोष मौर्य। वो कोई कार से, कोई बाइक से नहीं, बल्कि घोड़े पर सवार होकर विजयी मुद्रा में नगर निगम पहुंचे।
जैसे ही घोड़े पर सवार पार्षद निगम के गेट पर पहुंचे, लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने मोबाइल निकाला, किसी ने वीडियो बनाया। देखते ही देखते यह नजारा पूरे भिलाई में चर्चा का विषय बन गया।

घोड़े पर क्यों आए पार्षद? वजह जानकर चौंक जाएंगे
संतोष मौर्य ने बताया कि ये घुड़सवारी कोई शौक नहीं, बल्कि जीत का जश्न है। उनका कहना है कि उन्होंने लंबे समय से भिलाई नगर निगम में पेवर ब्लॉक के कामों में घोटाले का मुद्दा उठाया था। पहले उनकी बात को नजरअंदाज किया गया, लेकिन अब जांच में उनकी बात सही साबित हो रही है।
इसी जीत की खुशी में वो घोड़े पर सवार होकर सभा में पहुंचे। उन्होंने इसे जनहित के संघर्ष की जीत बताया।

3.15 करोड़ के पेवर ब्लॉक में क्या हुआ?
दरअसल, भिलाई नगर निगम में करीब 3.15 करोड़ रुपये के पेवर ब्लॉक कार्यों में कथित अनियमितता का मामला सामने आया था।
पार्षद मौर्य का दावा है कि पूरा साढ़े 3 करोड़ का घोटाला हुआ है। इसमें अफसरों के साथ महापौर भी दोषी हैं। मौर्य ने कहा –
“जो चौकीदार है, जो शहर सरकार का मुखिया है, उस पर तो दोष आएगा ही।”
16.50 लाख की रिकवरी निकली
प्रारंभिक जांच में 16 लाख 50 हजार रुपये की रिकवरी निकली है। यानी जांच में गड़बड़ी पाई गई और जिम्मेदारों से वसूली के आदेश जारी हुए। इसी बात से उत्साहित होकर मौर्य घोड़े पर सवार होकर सभा में पहुंचे।
कलेक्टर से शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
यह मामला ऐसे ही नहीं उठा। पार्षद संतोष मौर्य ने इसे प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिंह, संतोष मौर्य समेत अन्य पार्षदों ने मामले की शिकायत कलेक्टर से की थी।
कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लिया और लोक निर्माण विभाग (PWD) से जांच कराई। नगर निगम प्रशासन ने भी विभागीय स्तर पर जांच की। जांच में अनियमितता मिलने पर अधिकारियों से वसूली के आदेश जारी किए गए।

हाईकोर्ट से रिकवरी पर फिलहाल रोक
हालांकि कहानी में एक ट्विस्ट भी है। रिकवरी के आदेश के खिलाफ निगम के कुछ इंजीनियरों ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हाईकोर्ट ने फिलहाल रिकवरी की कार्रवाई पर रोक लगा दी है।
इसके बावजूद जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में कार्रवाई हो रही है। मौर्य का कहना है कि जांच शुरू होना ही उनके संघर्ष की बड़ी सफलता है।
अंतिम सभा में यादगार बन गई घुड़सवारी
भिलाई नगर निगम की अंतिम सामान्य सभा में जहां अंदर मुद्दों पर चर्चा और आरोप-प्रत्यारोप चल रहे थे, वहीं बाहर पार्षद मौर्य की घुड़सवारी ने इस बैठक को एक अलग पहचान दे दी।
लोग अभी भी पूछ रहे हैं – ये जीत का जश्न था या आने वाले चुनाव का संदेश?

