0 एक नर्सिंग होम में कागज बनते थे, दूसरे में डिलीवरी होती थी
Newborn trafficking case: ये कहानी किसी फिल्म की नहीं है। ये रायपुर के उन नर्सिंग होम्स की हकीकत है, जहां मां की कोख से जन्मा बच्चा मां की गोद में जाने के बजाय किसी और के घर पहुंच जाता था। और कागजों में ये सब इतनी सफाई से लिखा जाता था कि देखने वाला इसे कानूनी गोद समझ ले।
पुलिस ने इस खेल का एक और चेहरा पकड़ा है — जितेंद्र खेतान। आजाद चौक पुलिस ने उसे कबीर नगर से गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पहले भी उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन इस बार पुलिस के पास ठोस आधार था। अब तक इस मामले में 8 लोग सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। इनमें एक डॉक्टर और 5 महिलाएं शामिल हैं।
मास्टरमाइंड कौन? — नाम जो जांच में बार-बार आ रहा है
जांच में जो नाम सबसे ऊपर उभर रहा है, वो है कृतिका साहू का। पुलिस उसे इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड मान रही है।इसके अलावा अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग भी गिरफ्तार हो चुकी हैं।
पुलिस के मुताबिक, ये गिरोह अकेले काम नहीं कर रहा था। इसके साथ डॉक्टर, दलाल, नर्सिंग होम का स्टाफ और कागज बनाने वाले लोग भी जुड़े हुए थे। हर किसी का काम बंटा हुआ था। कोई महिला को लाता था, कोई कागज बनाता था, कोई डिलीवरी कराता था, कोई बच्चा पहुंचाता था।
5 से 10 लाख — एक नवजात की कीमत तय थी
जांच में जो बात सबसे ज्यादा चौंकाती है, वो है कीमत।पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक नवजात की कीमत 5 लाख से 10 लाख रुपये तक तय होती थी। सौदा पहले होता था, बच्चा बाद में पैदा होता था। खरीदने वाले को पहले से भरोसा दिला दिया जाता था कि बच्चा मिलेगा, कागज भी पूरे मिलेंगे।
यही वजह है कि इस रैकेट को पकड़ना आसान नहीं था। बाहर से सब कुछ सामान्य लगता था — एक महिला अस्पताल आई, डिलीवरी हुई, बच्चा गया। लेकिन अंदर ही अंदर एक पूरा सौदा चल रहा था।
कागजों का जादू — जन्म प्रमाण पत्र में ही छिपा था पूरा खेल
गिरोह की सबसे बड़ी चाल थी — जन्म प्रमाण पत्र। बच्चे को खरीदने वाले दंपति का नाम सीधे जन्म प्रमाण पत्र में दर्ज कर दिया जाता था। ताकि अगर कोई पूछे, तो कागज बोलें — देखिए, ये तो इन्हीं का बच्चा है।
गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया लंबी होती है, जांच होती है, कोर्ट की अनुमति लगती है। यहां वो सब कुछ छोड़कर सीधा शॉर्टकट अपनाया गया — कागज बदल दो, बच्चा तुम्हारा।
जांच में कई अस्पतालों, डॉक्टरों और दलालों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब एक-एक कागज की परत खोल रही है।

दो नर्सिंग होम, दो काम — एक में कागज, दूसरे में डिलीवरी
पुलिस के अनुसार, इस पूरे खेल का मुख्य अड्डा गोंदवारा स्थित दिवाकर नर्सिंग होम था। ये नर्सिंग होम डॉ. खिर सिंधु महानंद का बताया जा रहा है।
यहां क्या होता था?
यहां खरीदने वाले दंपति और बच्चे को जन्म देने वाली महिला के दस्तावेज तैयार किए जाते थे।
फिर महिला को डिलीवरी के लिए गुढ़ियारी स्थित श्री सांई नर्सिंग होम भेज दिया जाता था। वहां बच्चा पैदा होते ही उसे संबंधित दंपति को सौंप दिया जाता था।
प्रारंभिक जांच में तीन अस्पतालों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने दिवाकर नर्सिंग होम का लाइसेंस रद्द करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिख दिया है। विभाग एक-दो दिन में लाइसेंस रद्द कर सकता है। इसके बाद श्री सांई नर्सिंग होम और अन्य अस्पतालों पर भी कार्रवाई की तैयारी है।
महाराष्ट्र क्यों गई SIT?
अब ये मामला रायपुर से बाहर निकल चुका है। SIT की दो टीमें महाराष्ट्र रवाना हो गई हैं। वजह — जांच में कई राज्यों के उन दंपतियों के दस्तावेज मिले हैं, जिन्होंने इस गिरोह से बच्चे खरीदे थे।
आईपीएस मानसी सकोरे ने बताया कि SIT की टीमें दस्तावेजों में दर्ज पतों पर जाएंगी, संबंधित दंपतियों के बयान लेंगी और बच्चों को बरामद करने का प्रयास करेंगी। साथ ही उन महिलाओं की भी तलाश हो रही है, जिन्होंने बच्चों को जन्म दिया था।
मतलब, ये रैकेट एक शहर का नहीं था। ये एक इंटर-स्टेट नेटवर्क था, जहां बच्चा एक राज्य में पैदा होता था और दूसरे राज्य में बिक जाता था।
वो मांएं, जिन्होंने खुद बच्चे सौंप दिए — मजबूरी या भरोसा?
जांच का सबसे दर्दनाक पहलू ये है कि कुछ महिलाओं ने खुद ही अपने बच्चे गिरोह को सौंप दिए थे। पुलिस के मुताबिक, उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर थी। बच्चे का पालन-पोषण करना उनके लिए मुश्किल था। गिरोह ने उन्हें पैसे दिए और भरोसा दिलाया कि बच्चे की बेहतर परवरिश होगी।
क्या वो मांएं अपराधी हैं? या मजबूर थीं? ये सवाल जांच का हिस्सा है। लेकिन पुलिस का कहना है कि बच्चे का सौदा करना हर हाल में अपराध है, चाहे मजबूरी कोई भी हो।
अब SIT उन महिलाओं और खरीदने वाले दंपतियों — दोनों को ढूंढ रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
कानून क्या कहता है?
बहुत से लोग सोचते हैं कि बच्चा खरीदने वाला तो सिर्फ बच्चा ले रहा है, वो दोषी कैसे? लेकिन कानून इससे अलग कहता है।
विधि जानकारों के मुताबिक, गोद लेना और खरीदना-बेचना दो अलग चीजें हैं। गोद लेने के लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है।
किशोर न्याय अधिनियम की धारा 81 के तहत बच्चे को खरीदने और बेचने वाले दोनों के खिलाफ कार्रवाई होती है। इसमें 5 साल तक कठोर कारावास और 1 लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है।
अगर बच्चे के होम का कर्मचारी शामिल है तो सजा 3 से 7 साल तक हो सकती है। वास्तविक अभिरक्षा रखने वाला अस्पताल या नर्सिंग होम भी इसमें शामिल हो तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।

