prasuta paidal chaliprasuta paidal chali

Narayanpur: जिले के बेनूर क्षेत्र में एक प्रसूता को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद नवजात बच्चे के साथ करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर घर जाना पड़ा। बताया जा रहा है कि 102 महतारी एक्सप्रेस की सुविधा सही समय पर नहीं मिल सकी, जिससे महिला को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्राम पंचायत कोरेण्डा के खापापारा की रहने वाली घड़वे बाई को प्रसव पीड़ा होने पर मितानिन की मदद से पहले बेनूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। वहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्होंने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

बीच में उतार दिया महतारी एक्सप्रेस ऑपरेटर ने

प्रसव के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर महिला को घर पहुंचने में दिक्कत हुई। परिजनों के अनुसार, 102 महतारी एक्सप्रेस से महिला को बेनूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने उतार दिया गया। इसके बाद गांव तक जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिला, जिससे महिला को नवजात को गोद में लेकर पैदल ही घर जाना पड़ा।

प्रसव के बाद महिला और नवजात को विशेष देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे में लंबी दूरी पैदल तय करना जोखिम भरा हो सकता है।

मामले की जानकारी मिलने पर नारायणपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी. आर. कुंवर ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि प्रदेश के सभी जिलों में 108 संजीवनी एक्सप्रेस के साथ ही 102 महतारी एक्सप्रेस की सुविधा उपलब्ध है। महतारी एक्सप्रेस के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल, अस्पताल से घर तथा एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक पहुंचाने की नि:शुल्क सुविधा दी जाती है। इसके बावजूद समय पर सुविधा नहीं मिलने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने और व्यवस्था को और बेहतर बनाने की जरूरत है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सुविधा मिल सके।

You missed

error: Content is protected !!