छत्तीसगढ़ में कोयला आधारित बिजली कारखानों से निकलने वाले फ्लाई ऐश का निपटान करने की समस्या बहुत पुरानी है और विकल्प के तौर पर बंद पड़े कोयला खदानों में कई प्लांटों की राख पाटी गई, मगर अब तो गावों में स्थित डबरी और तालाबों को भी निशाना बनाया जा रहा है। बीते कुछ सालों से कोरबा जिले में 3 तालाबों में राख भरने की अनुमति दे दी गई, इनमें से दो को तो पाट दिया गया मगर एक में अभी भी राख भरी जा रही है।

0 ग्राम चाम्पा में तालाब में भरी जा रही है फ्लाई ऐश

कोरबा जिले के करतला तहसील मुख्यालय के पास स्थित है ग्राम चाम्पा, आबादी से लगभग एक किलोमीटर दूर एक तालाब को रायगढ़ स्थित सारडा एनर्जी एन्ड मिनरल्स के पॉवर प्लांट के फ्लाई ऐश याने कोयले की राख से पाटा जा रहा है। ग्रामीण बताते हैं कि इस जगह पर आजू-बाजू में 2 तालाब स्थित हैं, जिन्हें गड्ढा बताकर राख से पाटे जाने की अनुमति ग्राम पंचायत ने दे दी है। ग्रामीण इसे सूखा तालाब के नाम से जानते हैं।

0 इधर राख भरी जा रही, उधर तालाब का पानी भी नजर आ रहा

इस तालाब को राख से पाटे जाने का खुलासा तब हुआ जब गांव के कुछ जागरूक लोगों ने इसका विरोध किया और कोरबा कलेक्टर तथा सीएम हेल्पलाइन में इसकी शिकायत की। जिसके बाद मामले की जांच के लिए पिछले दिनों करतला तहसीलदार राहुल पांडेय और पर्यावरण संरक्षण मंडल के वैज्ञानिक ने स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। मौके पर जो पंचनामा तैयार किया गया, उसमें उल्लेख किया गया कि सन 2009 के रिकॉर्ड में इस स्थल को घास भूमि बताया गया है। तहसीलदार ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं का बयान लेने के लिए वे उन्हें तहसील में बुलाएंगे, मगर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।

शासकीय योजनाओं के तहत खोदे गए थे तालाब

इस स्थल पर राख भरे जाने का विरोध करने वाले ग्रामीण बताते हैं कि यहां दो तालाब थे और जो पूर्व में शासकीय योजनाओं के तहत खोदे गए थे, मगर अब उन्हें ख़त्म किया जा रहा है। गांव के पूर्व सरपंच मालिक राम राठिया इसके गवाह हैं, वे बताते हैं कि उनके कार्यकाल में सन 2000 से 2005 के बीच राहत कार्य में यहां मनरेगा के तहत तालाब खुदवाया गया था, उससे पहले बाजु के तालाब को BRGF योजना के तहत खोदा गया था। काम के बदले अनाज योजना के तहत यहां खुदाई कराई गई थी। मालिक राम के मुताबिक अधिकांश सरकारी जमीन को घास भूमि के नाम पर राजस्व के दस्तावेजों में दर्शाया गया होता है। अगर रिकॉर्ड में यहां पर तालाब होने का उल्लेख नहीं है तो इसके दोषी भी राजस्व विभाग के पटवारी हैं, गांव वाले नहीं।

0 पूर्व सरपंच मालिक राम राठिया

सड़क के लिए मिटटी खोदने की दी थी अनुमति

मालिक राम ने यह भी बताया कि पिछले कार्यकाल में उन्होंने पास में बन रहे सड़क के लिए यहां से मिटटी खोदने की अनुमति दी थी ताकि तालाब और गहरा हो जाये और दो तालाबों के बीच स्थित मेढ़ को समतल कर दिया जाये।

तालाब की मेढ़ राजस्व अमले को नजर नहीं आयी

इस मामले की शिकायत करने वाले नरेश राठिया ने बताया कि राख पाटे जाने के बावजूद तालाब की मेढ़ अब भी नजर आ रही है और प्रशासनिक अधिकारी तथा सरपंच इसे केवल एक गड्ढा बता रहे हैं, नरेश ने मांग की है कि इस स्थल पर राख भरे जाने पर रोक लगाते हुए तालाब के स्वरुप को वापस लाया जाये। नरेश ने बताया कि सरपंच द्वारा तालाब को गड्ढा बताकर यहां राख पाटने की जो अनुमति दी गई वह अवैधानिक है और इस मामले में पंचायत के जिम्म्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

0 नरेश राठिया, शिकायतकर्ता

तालाब की खुदाई के गवाह हैं गांव वाले

यहां मौजूद अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने तालाब की खुदाई के दौरान यहां मजदूरी भी की थी। मगर इसे केवल गड्ढा बताकर राख से पाटने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। चाम्पा के ग्रामीण रामजीलाल राठिया ने बताया कि उसने भी इस तालाब की खुदाई में मजदूरी की है। इस भूभाग के लगे हुए एक हिस्से में गौठान है, जहां गौवंश को रखा जाता है, मवेशी इसी तालाब का पानी पीते थे, मगर प्रस्ताव पारित करते समय गौठान का उल्लेख ही नहीं किया गया। इसके ठीक बाजू में बाजार भी लगता है।

0 मालिक राम राठिया, ग्राम चाम्पा

हाथियों की है आवाजाही

इस मौके पर मौजूद सत्यनारायण महंत नामक युवक ने चौंकाने वाली बात बताई। उसने बताया कि इस पूरे इलाके में हाथियों की आवाजाही रहती है, और हाथी इस तालाब में भी आते थे, मगर अब इसका स्वरुप ख़त्म किया जा रहा है। गांव के पालतू जानवर और आसपास के जंगल जीव जंतु भी यहां पानी पीने आते थे।

पहले तालाब रहा होगा, अभी तो गड्ढा था..!

इस मुद्दे पर हमने महिला सरपंच सेत कुमारी राठिया के पति करण सिंह से बात की। उसने साफ़ कहा कि उसकी जानकारी में यहां पर केवल गड्ढा था। ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि इस स्थल को राख से समतल करके यहां गरीबो को पीएम आवास बनाने के लिए जगह दिया जायेगा। करण सिंह ने बातचीत के दौरान केवल एक बार पूर्व में यहां तालाब होने का उल्लेख किया मगर वह यही कहता रहा कि यह स्थल सूखा था इसलिए इसे भरे जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

0 करण सिंह राठिया, सरपंच पति

सरपंच पति इस मामले को लेकर पंचायत की बैठक होने की दलील दे रहा है, मगर हमें उप सरपंच रिपुसदन राठिया और कुछ पंच मिले, जिन्होंने स्थल पर तालाब होने की बात कहते हुए बताया कि उन्हें यहां राख पाटे जाने की बात बैठक में नहीं बताई गई और दिग्भ्रमित किया गया। रिपुसदन ने कहा कि जो भी हो रहा है, गलत हो रहा है, चूंकि वे विरोध करते हैं इसलिए उन्हें बैठक में बुलाया ही नहीं जाता, वही पांच बिशम्भर ने कहा कि वह बैठक में तो थे मगर वहां तालाब या गड्ढे को पाटे जाने संबंधी एजेंडे के बारे पढ़ा ही नहीं गया।

0 रिपुसदन सिंह, उपसरपंच, चाम्पा

गौचर भूमि को औद्यौगिक कचरे से पाटना गलत

राजस्व के रिकॉर्ड यहां पर गौचर भूमि होने का उल्लेख करते हैं और यहां पूर्व की सरकार के दौरान गौठान बनाया भी गया जो अब भी संचालित है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अगर यह गौचर भूमि भी है तो यहां औद्यौगिक कचरा पाटा नहीं जा सकता। ऐसा सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाईन में है। आरोप लग रहे हैं कि राजस्व विभाग के अफसरों और पर्यावरण संरक्षण मंडल ने केवल दस्तावेजों का उल्लेख करते हुए इस तालाब को फ्लाई ऐश से पाटने की अनुमति दे दी, वहीं केवल पंचायत की बैठक को आधार बताया जा रहा है, जबकि इसके लिए ग्रामसभा की बैठक होनी चाहिए। अब जब मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में की गई है तो जांच में लीपापोती की जा रही है।

0 तालाब के बाजू में स्थित है गौठान

क्या कहती है जनपद पंचायत की रिपोर्ट ?

वर्तमान में जनपद पंचायत करतला द्वारा भी इस स्थल को तालाब नहीं होना बताया जा रहा है, जनपद ने अपनी रिपोर्ट में यह जरूर कहा है कि मनरेगा योजनान्तर्गत निर्मित दो डबरी और एक तालाब बनाये गए हैं, मगर वे डम्पिंग स्थल से अलग पाए गए हैं, और वे राखड़ डम्पिंग से प्रभावित नहीं हैं। हमने जब करतला जनपद सीईओ वैभव कौशिक से बात की तब उन्होंने कहा कि वे जांच रिपोर्ट देखकर ही कुछ बता पाएंगे।

गांव-गांव घूम रहे हैं दलाल

दरअसल पॉवर कंपनियों के लिए मुसीबत बनते जा रहे फ्लाई ऐश को खपाने की बड़े पैमाने पर मुहीम चल रही है। जानकारी मिली है कि कंपनियों के दलाल गांव-गांव में घूम कर यह पता लगा रहे हैं कि कहां जमीन खाली है और गड्ढे हैं। बीते कुछ सालों में ग्रामीण इलाकों में भारतमाला सहित अन्य सड़कें बनीं तब मिटटी तथा मुरुम की जरुरत पड़ी। उस दौरान भी आसपास के डबरी और तालाबों को पंचायत के लोगों को भ्रमित करके गहरीकरण के नाम पर खोद दिया गया, इसकी रॉयल्टी भी नहीं दी गई और केवल सरपंच-सचिवों की जेबें भरी गईं, अब ऐसे ही तालाबों को निशाना बनाया जा रहा है। सरपंच-सचिव को लालच देकर ऐसे डबरी और तालाबों को गड्ढा बताया जा रहा है और उन्हें राख से पाटने की अनुमति गलत तरीके से दी जा रही है।

बहरहाल ग्रामीण इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए राख डम्पिंग रोकने के साथ ही गलत जानकारी देकर अमुमति देने वाले अफसरों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

जानिए फ्लाई ऐश के बारे में

फ्लाई ऐश कोयला दहन उत्पादों में से एक है और सूक्ष्म कणों से निर्मित होता है जो कि बॉयलर से चिमनी गैसों के साथ बाहर निकलते हैं। ऐसे ऐश जो कि बायलर के नीचे जाती है उसे बॉटम ऐश कहते हैं।

फ्लाई ऐश में सिलिका (अग्नि प्रस्तर), एल्यूमीनियम (एक प्रकार की हल्की धातु) और कैल्शियम (चूना) के आक्साइड्स की पर्याप्त मात्रा शामिल होती है। आर्सेनिक (हरताल/संखिया नामक तीव्र विष), बोरान (एक अलोह मूलवस्तु दवा के नि-र्माण में उपयुक्त), क्रोमियम (वर्ण धातु), सीसा आदि जैसे तत्व भी पर्याप्त मात्रा में पाए जाते है। इस प्रकार यह पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए खतरा है।

खदानों को फ्लाई ऐश से भरने के खिलाफ हैं पर्यावरणविद

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पर्यावरण एवं मंत्रालय के एक विशेषज्ञ पैनल ने फ्लाई ऐश का उपयोग करके खदानों को भरने पर चिंता व्यक्त की है। विशेषज्ञ पैनल के अनुसार इसके निम्नलिखित पर्यावरणीय दुष्परिणाम हो सकते हैं:-

फ्लाई ऐश में पायी जाने वाली भारी धातुओं की लीचिंग के कारण भू-जल के प्रदूषित होने का खतरा।

फ्लाई ऐश खदानों के छिद्रों को भर देगी इसके परिणामस्वरूप भूजल के पुनर्भरण में कमी आएगी।

फ्लाई ऐश से भरे गए स्थान पेड़-पौधों के लिए उपयुक्त नहीं होंगे क्योंकि फ्लाई ऐश के कारण वृक्षों की जड़ें सही से विकसित नहीं हो पाएंगी। इससे ऐसे स्थान पर उगने वाले वृक्ष मंद गति से चलने वाली हवाओं को भी नहीं झेल पाएंगे और जल्द ही जड़ सहित उखड़ जाएंगे।

हालांकि, इस प्रकार के इतने सारे खनिजों की एक साथ उपस्थित फ्लाई ऐश को कुछ अद्वितीय गुण प्रदान करती है। रेलवे तटबंधों के निर्माण, पुरानी खदानों को भरने, भवन निर्माण सामग्री और निचले इलाकों को भरने के लिए फ्लाई ऐश का उपयोग किया जा रहा है।

फ्लाई ऐश के हानिकारक प्रभाव

फ्लाई ऐश के कण जहरीले वायु प्रदूषक हैं। वे हृदय रोग, कैंसर, श्वसन रोग और स्ट्रोक का कारण हो सकते हैं।
पानी के साथ मिलकर वे भूजल में भारी धातुओं के निक्षालन का कार्य करते हैं। यह मिट्टी को भी प्रदूषित करने के साथ ही पेड़ों की जड़ विकास प्रणाली को प्रभावित करती है।

इस तरह फ्लाई ऐश के खतरनाक होने के बावजूद इसे जल श्रोतों में पाटा जा रहा है। आगे चलकर इसके दुष्परिणाम भी सामने आएंगे, मगर तब तक न वे अफसर यहां रहेंगें और न ही जन प्रतिनिधि। भुगतना तो केवल उन गांवों के लोगों को है जो वहां निवासरत है।

You missed

error: Content is protected !!