शिवपुर चरचा के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में छुट्टी के दौरान बड़ी घटना घट गई। यहां मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया, जिसमें 30 से 35 बच्चे घायल हो गए। एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कैसे हुआ हमला ?
18 नवंबर को सुबह करीब 11.50 बजे स्कूल की छुट्टी हो रही थी। स्कूल परिसर के बाहर एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता था। बताया जा रहा है कि कक्षा दूसरी के एक छात्र ने छत्ते पर पत्थर मार दिया। इसके बाद मधुमक्खियों का झुंड वहां मौजूद बच्चों पर टूट पड़ा। कई बच्चों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में डंक मारे।
अचानक हुए हमले से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई बच्चे नगर पालिका परिषद कार्यालय की ओर भाग गए।

तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दी और घायल बच्चों को रीजनल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने इंजेक्शन और प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बच्चों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर में विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच और आगे के इलाज के लिए भेजा गया।

अभिभावकों में नाराजगी, मांग क्या है ?
अभिभावकों का कहना है कि स्कूल के बाहर पेड़ पर छत्ता होने की जानकारी पहले से थी, तो उसे पहले ही हटवाया जा सकता था। उन्होंने मांग की है कि स्कूल परिसर और आसपास के पेड़ों का नियमित निरीक्षण हो और मधुमक्खियों के छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटवाने की व्यवस्था की जाए। छुट्टी के समय बच्चों की आवाजाही ज्यादा रहती है, इसलिए विशेष सावधानी जरूरी है।

अस्पताल में ही मनाया बच्ची का जन्मदिन
मधुमक्खियों के हमले में घायल चरचा निवासी बच्ची नेमत को जिला अस्पताल लाया गया था। संयोग से उसी दिन उसका जन्मदिन भी था। जानकारी मिलने पर सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल ने अस्पताल परिसर में ही बच्ची का जन्मदिन मनाया, उसे शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद दिया। इससे बच्ची के चेहरे पर मुस्कान आ गई। इस दौरान शाहिद अशरफी, नारायण सहित अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।

