Prostitution racket busted in a rented house: शहर में चुपचाप चल रहे देह व्यापार के एक और अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। केलो विहार इलाके में किराए के मकान में बाहर से युवतियां बुलाकर अनैतिक कार्य कराया जा रहा था।
मुखबिर की पुख्ता सूचना पर चक्रधरनगर पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि दलाल को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
18 नवंबर की शाम, पुलिस का प्लान
पुलिस को सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू ने केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराए पर लिया है। उसी मकान में वह युवतियों को बुलाकर देह व्यापार करा रहा है।
सूचना मिलते ही सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना की विशेष टीम बनाई गई।
पुलिस ने पहले मकान की घेराबंदी की। फिर एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा। जैसे ही पाइंटर का इशारा मिला, पूरी टीम ने मकान के अंदर दबिश दे दी।
अंदर मिला ऐसा नजारा, पुलिस भी हैरान
तलाशी में मौके पर किरायेदार गोविंद साहू मिला। कमरे में एक युवती भी मौजूद थी। मौके से आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुईं।
पूछताछ में युवती ने बताया कि आरोपी ने उसे रुपये देकर अनैतिक कार्य के लिए बुलाया था। वहीं आरोपी गोविंद साहू ने पैसों की जरूरत के चलते इस धंधे में लिप्त होना कबूल किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से मिले 2,000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
कौन सी धाराएं लगीं ?
आरोपी गोविंद साहू के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है –
“रायगढ़ जिले में किसी भी प्रकार की अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।”
पुलिस की जांच जारी – और कितने अड्डे ?
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी कब से यह धंधा चला रहा था, उसके संपर्क में और कितनी युवतियां थीं और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

