sucide katghorasucide katghora

कटघोरा क्षेत्र से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। 19 पन्नों के सुसाइड नोट ने इस मौत को सिर्फ आत्महत्या नहीं, बल्कि लाखों की ठगी, कर्ज और लगातार दबाव की कहानी बना दिया है।

क्या हुआ था ?

जानकारी के अनुसार युवक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में पहले कटघोरा शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से युवक मानसिक दबाव में था। उसके व्यवहार में बदलाव देखा जा रहा था।

19 पन्नों का नोट – असली वजह यहीं छिपी है

मृतक के पास से बरामद 19 पन्नों के सुसाइड नोट में नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 50 लाख रुपये के लेन-देन, कर्ज और लेनदारों के दबाव का जिक्र है।

मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू (36) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवचरण ने कोरोना काल में एक स्कूल खोला था। स्कूल नहीं चलने के कारण उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद वह आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। बरामद सुसाइड नोट के मुताबिक, शिवचरण ने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लिए थे। इस काम में एक बिचौलिया भी शामिल था। कोरोना काल में बिचौलिए की मौत होने के बाद रकम फंस गई और शिवचरण पर कर्ज बढ़ता चला गया।

नोट में कई लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का विवरण होने की बात भी सामने आई है। लेनदारों पर लगातार दबाव बनाने और परेशान करने का आरोप भी लगाया गया है।

पुलिस क्या कह रही है ?

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बरामद सुसाइड नोट में लिखे हर तथ्य की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गांव में शोक

घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस लेनदारों से भी पूछताछ की तैयारी में है।

जरुरी सूचना: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक दबाव में है तो अकेले न रहें। Tele-MANAS हेल्पलाइन 14416 या 112 पर संपर्क करें। मदद उपलब्ध है।

error: Content is protected !!