patwari paper leakpatwari paper leak

Patwari Exam Paper Leak Case: छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े विभागीय परीक्षा घोटालों में से एक, पटवारी-RI पेपर लीक मामले में EOW को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मध्यप्रदेश के भिंड से जुड़े दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों को रायपुर लाकर सोमवार को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 23 नवंबर तक 8 दिन की पुलिस रिमांड पर EOW को सौंप दिया।

अब अगले 8 दिन EOW की टीम दोनों से आमने-सामने पूछताछ करेगी और यह जानने की कोशिश करेगी कि पेपर छपाई से लेकर अभ्यर्थियों तक पहुंचने तक यह पूरा खेल कैसे चला।

दिल्ली में छिपे थे दोनों आरोपी, EOW ने बिछाया था जाल

EOW को लंबे समय से दोनों आरोपियों की तलाश थी। सूचना मिलने पर टीम ने दिल्ली में जाल बिछाया और दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को रायपुर लाया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) बताए गए हैं। दोनों मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले हैं।

छपाई समिति के आरोपी से था सीधा कनेक्शन

EOW की जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का सीधा कनेक्शन परीक्षा की प्रश्नपत्र छपाई समिति से जुड़े आरोपी वीरेन्द्र जाटव से था। आरोप है कि तीनों ने मिलकर पेपर लीक की पूरी साजिश रची थी।

जांच एजेंसी का मानना है कि छपाई समिति से पेपर बाहर निकाला गया और फिर वीर सिंह और अरविंद के जरिए अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया।

पहले पेपर, फिर तैयारी के लिए जगह, फिर मोटी रकम

यह सिर्फ पेपर लीक का मामला नहीं था, बल्कि एक पूरा पैकेज था। आरोपियों ने अभ्यर्थियों को पहले से लीक प्रश्नपत्र दिया, फिर उसी पेपर से तैयारी कराने के लिए जगह भी उपलब्ध कराई। इसके बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई।

EOW अब यह हिसाब लगा रही है कि कितने अभ्यर्थियों ने यह पैकेज लिया, कितने पैसे दिए गए और यह रकम किस रास्ते से आरोपियों तक पहुंची।

15 नवंबर की पहचान परेड में खुला राज

इस मामले में सबसे बड़ा सबूत 15 नवंबर को सामने आया। EOW ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की पहचान परेड कराई।

परीक्षा में शामिल हुए पटवारियों को बुलाया गया। पटवारियों ने साफ-साफ दोनों की पहचान कर ली। उन्होंने बताया कि इन्हीं दोनों ने उन्हें लीक पेपर दिया था, तैयारी के लिए जगह दी थी और पैसे लिए थे। पटवारियों के इस बयान के बाद ही EOW ने दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।

7 जनवरी 2024 की परीक्षा और 216 का चयन

पूरा मामला 7 जनवरी 2024 को हुई विभागीय परीक्षा से जुड़ा है। यह परीक्षा पटवारियों को RI प्रशिक्षण के लिए चुनने के लिए कराई गई थी।

परिणाम आने के बाद 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। लेकिन परीक्षा के बाद से ही गड़बड़ी की शिकायतें आने लगीं। कई अभ्यर्थियों का कहना था कि कुछ लोगों को पहले से पेपर मिल गया था और वे पहले से ही सवालों की तैयारी करके आए थे।

शिकायत से EOW तक – कैसे खुला पेपर लीक?

शिकायतें बढ़ने पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पहले उच्च स्तरीय जांच कराई। जांच में गड़बड़ी के संकेत मिले। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने पूरा मामला EOW-ACB को सौंप दिया।

प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर EOW ने 2025 में केस दर्ज किया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज है।

अब रिमांड में क्या-क्या उगलवाएगी EOW?

8 दिन की रिमांड में EOW के सामने सबसे बड़ी चुनौती पूरे नेटवर्क को खोलने की है। टीम इन बिंदुओं पर पूछताछ करेगी –

  1. पेपर छपाई समिति से पेपर किसने, कब और कैसे बाहर निकाला?
  2. दिल्ली तक पेपर कैसे पहुंचा और वहां कौन-कौन मिला?
  3. कितने अभ्यर्थियों को पेपर दिया गया और कितनी रकम ली गई?
  4. पैसों का लेन-देन नकद हुआ या खातों के जरिए?
  5. इस खेल में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं?

EOW का मानना है कि रिमांड में पूछताछ के बाद इस मामले में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

error: Content is protected !!