Cyber Fraud: न कोई फोन आया, न कोई लिंक खोला, न किसी को OTP बताया – फिर भी रात 3 बजे मोबाइल पर मैसेज आया कि क्रेडिट कार्ड से 10 लाख 20 हजार रुपये निकल गए। बिलासपुर के कारोबारी आनंद अग्रवाल के साथ यही हुआ है। अब सवाल यही है कि बिना OTP के ये फ्रॉड हुआ तो हुआ कैसे?
सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात 3 बजे आया मैसेज, उड़ गए होश
पुलिस के अनुसार मंगलाचौक स्थित रियल हेवन्स अपार्टमेंट निवासी आनंद अग्रवाल निर्माण व्यवसाय से जुड़े हैं। 7 नवंबर की रात करीब तीन बजे उन्होंने मोबाइल देखा तो क्रेडिट कार्ड से 10 लाख 20 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश मिला।
आनंद ने न तो कोई ऑनलाइन खरीदारी की थी और न ही उनके पास इससे पहले कोई संदिग्ध फोन या संदेश आया था। उन्होंने अपनी पत्नी अन्नू से भी जानकारी ली, लेकिन परिवार की ओर से भी कोई खरीदारी नहीं की गई थी।
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि न तो उनसे OTP मांगा गया और न ही उन्होंने किसी को ऐसा कोड दिया। इसके बावजूद उनके क्रेडिट कार्ड से बड़ी रकम निकाल ली गई।
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस लेनदेन और डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है।
दूसरा मामला – मोबाइल गुम हुआ, खाते से 2.96 लाख पार
इसी तरह धोखाधड़ी का दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र में सामने आया है। बिल्हा के केसला निवासी कारोबारी गोवर्धन प्रसाद अग्रवाल 6 नवंबर को खरीदारी के लिए गोलबाजार गए थे। इस दौरान उनका मोबाइल फोन गुम हो गया।
उन्होंने कोतवाली थाने में इसकी सूचना दी और पुराना सिम बंद कराकर नया सिम ले लिया। इसके बावजूद 9 से 11 नवंबर के बीच उनके बैंक खाते से कुल 2 लाख 96 हजार रुपये निकाल लिए गए।
कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगों ने बैंकिंग और डिजिटल सुरक्षा को कैसे भेदा।
बिना OTP के फ्रॉड होता कैसे है?
यही सबसे डराने वाला सवाल है। आमतौर पर हम सब यही समझते हैं कि जब तक OTP नहीं बताएंगे, पैसा सेफ है। लेकिन ठग अब OTP के भरोसे बैठे ही नहीं हैं।
पुलिस की जांच में कुछ तरीके सामने आ सकते हैं –
- कार्ड डिटेल पहले से लीक होना: किसी वेबसाइट, पेट्रोल पंप, होटल या ऑनलाइन पेमेंट के दौरान कार्ड नंबर, एक्सपायरी और CVV लीक हो जाना।
- बिना OTP वाली विदेशी वेबसाइट: कई विदेशी मर्चेंट साइट्स पर OTP की जरूरत ही नहीं पड़ती, सिर्फ कार्ड डिटेल से पेमेंट हो जाता है।
- मालवेयर / डेटा चोरी: फोन में किसी ऐप या लिंक के जरिए चुपचाप डाटा चोरी होना।
- SIM / मोबाइल से जुड़ा खेल: दूसरे मामले में मोबाइल गुम होने के बाद भी पैसा निकलना बताता है कि ठगों ने बैंकिंग डिटेल का पहले ही जुगाड़ कर लिया था।
यानी ठग अब OTP मांगते नहीं, OTP को बायपास करने का रास्ता ढूंढते हैं।
इस तरह के फ्रॉड से कैसे बचें?
- कार्ड को लॉक रखिए: जरूरत न हो तो इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और ATM विदड्रॉल को ऐप से बंद रखिए। जरूरत पर ही ऑन कीजिए।
- लिमिट कम रखिए: क्रेडिट कार्ड की डेली लिमिट जरूरत के हिसाब से कम रखिए, ताकि रात 3 बजे बड़ा ट्रांजेक्शन हो ही न सके।
- अलर्ट ऑन रखिए: हर ट्रांजेक्शन का SMS / ईमेल अलर्ट ऑन रखिए। रात में भी अलर्ट आए तो तुरंत कार्ड ब्लॉक कीजिए।
- कार्ड डिटेल कहीं सेव मत कीजिए: किसी भी वेबसाइट, ब्राउजर या ऐप में कार्ड सेव करके मत रखिए।
- अनजान लिंक / ऐप से बचिए: किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या फ्री वाले ऐप को इंस्टॉल मत कीजिए।
- मोबाइल गुम हो तो तुरंत एक्शन: मोबाइल गुम होते ही बैंक को कॉल कर कार्ड और नेट बैंकिंग ब्लॉक कराइए, सिर्फ सिम बंद कराना काफी नहीं है।
- फ्रॉड लगे तो देर मत कीजिए: तुरंत बैंक के टोल फ्री पर कॉल कर कार्ड ब्लॉक कराइए और 1930 पर साइबर शिकायत दर्ज कराइए।
सीधी बात ये है – अब ठगी सिर्फ OTP बताने से नहीं होती, आपकी एक छोटी सी लापरवाही से भी हो सकती है। इसलिए कार्ड को हमेशा लॉक, लिमिट कम और अलर्ट ऑन रखना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।

