मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय सोमवार को तड़के छठ महापर्व के अवसर पर अपने गृहजिला जशपुर के कुनकुरी स्थित छठ घाट पर पहुंचे और उगते सूर्य देव को उषा अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पूजा लोक आस्था, श्रद्धा और समर्पण का अनुपम पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ पर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा है। अपने क्षेत्र में इस पावन पर्व में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं मौजूद रहीं।

