congress leader fircongress leader fir

Gariaband: छत्तीसगढ़ में जनता की शिकायत सुनने के लिए बनाया गया CM जनशिकायत पोर्टल 1076, गरियाबंद में अब सवालों के घेरे में आ गया है।

आरोप है कि इस पोर्टल का इस्तेमाल शिकायत निपटाने के लिए नहीं, बल्कि दबाव बनाने के लिए किया जा रहा था। और इस आरोप के केंद्र में हैं गरियाबंद के कांग्रेस नेता हाफिज खान उर्फ पिंटू।

कसाबाय पंचायत के सचिव घनश्याम नेताम की शिकायत पर गरियाबंद सिटी कोतवाली में उनके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है। पुलिस ने मामला BNS की धारा 308(2) – जबरन वसूली के तहत दर्ज किया है।

कहानी शुरू कहां से हुई?

आरोप है कि हाफिज खान पंचायतों के कामकाज में कथित अनियमितताओं को लेकर CM जनशिकायत पोर्टल 1076 पर शिकायत दर्ज कराता था। फिर शिकायत वापस लेने के बदले सरपंच-सचिवों से रकम की मांग करता था।

FIR के मुताबिक, शिकायतकर्ता घनश्याम नेताम ने पंचायत के काम को लेकर CM पोर्टल पर शिकायत की थी। आरोप है कि हाफिज खान ने शिकायत वापस लेने के बदले 10 हजार रुपये मांगे।

16 नवंबर को मालगांव स्थित टेंट दुकान में मुलाकात के दौरान भी पैसे देने का दबाव बनाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि शिकायत वापस नहीं लेने पर परेशान करने और काम नहीं करने देने की बात भी कही गई।

30 से ज्यादा शिकायतों का दावा

मामले में सबसे चौंकाने वाला दावा ये है कि हाफिज खान अब तक CM पोर्टल पर 30 से ज्यादा शिकायतें दर्ज करा चुका है। इनमें ज्यादातर शिकायतें पंचायतों के कामकाज से जुड़ी थीं।

आरोप है कि कुछ मामलों में आपसी समझौता कर OTP के जरिए शिकायतें वापस ली गईं और मामले रफा-दफा कर दिए गए। वहीं कुछ सरपंचों ने इस तरह की गतिविधियों पर आपत्ति जताई थी और सामूहिक हस्ताक्षर के साथ ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग भी की थी।

पुलिस क्या कह रही है?

कसाबाय पंचायत सचिव की शिकायत पर गरियाबंद सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

कोतवाली थाना प्रभारी गुणेश्वरी नरेटी ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है, आगे की कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर होगी। उन्होंने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात भी कही है।

SDOP गरिमा दादर ने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि प्रकरण में उचित कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस ने क्या सफाई दी?

इस मामले में कांग्रेस ने खुद को अलग करने की कोशिश की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन एवं प्रशासन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू का कहना है कि हाफिज खान को 3-4 महीने पहले ही संगठन के पद से हटा दिया गया था।

उनके मुताबिक, हाफिज खान को लेकर पहले भी कुछ शिकायतें मिल रही थीं। वो पार्टी कार्यालय में रिकॉर्ड देखकर ही आगे कुछ कह पाएंगे।

अब आगे क्या?

फिलहाल ये मामला FIR तक पहुंचा है। आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं।

पुलिस को ये देखना होगा कि –

  1. 10 हजार रुपये की मांग के सबूत क्या हैं?
  2. 30 शिकायतों में से कितनी वापस ली गईं और क्यों?
  3. OTP से शिकायत वापस लेने के पीछे क्या वजह थी?

जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि ये वसूली का मामला था, या फिर राजनीतिक खींचतान में दर्ज कराई गई शिकायत।

error: Content is protected !!