भिलाई नगर। जुनवानी स्थित एक भूमि प्रकरण में लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद, न्यायालय के हस्तक्षेप पर सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उद्योगपति और सिम्प्लेक्स कास्टिंग्स लिमिटेड के मालिक केतन शाह एवं उनकी पत्नी संगीता केतन शाह के विरुद्ध जालसाजी और धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध किया है।
शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमन के अनुसार, यह मामला जुनवानी स्थित भूमि के सौदे से जुड़ा है। दरअसल भूमि विवादित होने और न्यायालय में प्रकरण लंबित होने के बावजूद आरोपियों ने तथ्यों को छुपाकर भूमि का विधिवत एग्रीमेंट किया।
भुगतान के बाद भी रजिस्ट्री से किया इंकार
एग्रीमेंट के अनुसार भुगतान प्राप्त कर लिया गया, लेकिन बार-बार निवेदन करने के बावजूद रजिस्ट्री करने में टालमटोल की जाती रही। आरोप है कि इसी संपत्ति के आधार पर वित्तीय संस्था से ऋण लेकर शिकायतकर्ता को लगभग 4.60 करोड़ रुपये की गंभीर आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
शिकायतकर्ता द्वारा लंबे समय से न्याय की गुहार लगाई जा रही थी। अंतत: न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला थाना को अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 416, 420, 467, 468, 471 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है।
पूर्व में भी मामले हुए हैं दर्ज
रिपोर्ट के अनुसार, यह इस तरह का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पुलगांव थाना क्षेत्र में विशाल केजरीवाल द्वारा 2025 में इसी तरह के जालसाजी के आरोप में मामला दर्ज कराया गया था। वर्तमान मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं कि आखिर बिना न्यायालय के आदेश के ऐसे गंभीर मामलों में स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती।
पता चला है कि संगीता केतन शाह पूर्व के पुलगांव मामले में अग्रिम जमानत पर हैं। जमानत की एक मुख्य शर्त यह थी कि वे इस प्रकार की किसी भी विवादित गतिविधि में दोबारा संलिप्त नहीं होंगी। नए मामले के दर्ज होने से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बहरहाल देखना यह है कि नया मामला दर्ज होने के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है।

