बिलासपुर। बिलासपुर से दिल्ली की सीधी उड़ान सेवा को एलायंस एयर ने 31अक्टूबर से प्रारम्भ किया था, मगर यह सेवा 7 दिन के भीतर ही बंद करनी पड़ी है।

कंपनी ने दी यह महत्वपूर्ण जानकारी

इस मामले में कंपनी की ओर से बताया गया है कि सीधी हवाई सेवा के लिए केंद्र सरकार को आवेदन दिया गया था। अनुमति मिलने की प्रत्याशा में उड़ान शुरू की गई थी लेकिन अनुमति नहीं दी गई। बिलासपुर से दिल्ली के लिए सीधे उड़ान की सेवा सप्ताह में तीन दिन दी गई थी। आज मंगलवार को यह फ्लाइट प्रयागराज होते हुए बिलासपुर पहुंची और प्रयागराज होते हुए ही आगे दिल्ली रवाना की गई।

सीधी उड़ान को मिला अच्छा प्रतिसाद

उल्लेखनीय है कि अधिक किराया होने के बावजूद दिल्ली-बिलासपुर सीधी उड़ान को अच्छा प्रतिसाद मिला। इस फ्लाइट की नवंबर माह की सभी सीटें फुल हो गई थीं। दरअसल सीधी उड़ान के जरिये लोग ढाई घंटे में ही दिल्ली पहुंच जाया करते थे, मगर यह सुविधा शुरू होते ही छिन गई है।

अभी व्हाया प्रयागराज और जबलपुर मिल रही सुविधा

बता दें कि वर्तमान में बिलासपुर से प्रयागराज और जबलपुर होते दिल्ली जाने की सुविधा मिल रही है। इसमें व्हाया प्रयागराज मंगल-गुरु-शनि को फ्लाइट की सुविधा है, जो बिलासपुर से पौने 4 घंटे में दिल्ली पहुंचाती है। वहीं व्हाया जबलपुर दिल्ली जाने की सुविधा सोम-बुध-शुक्र और शनिवार को है और इस यात्रा में साढ़े 3 घंटे लगते हैं। दोनों यात्राएं काफी उबाऊ हैं और सफर में ज्यादा वक्त लगता है। यही वजह है कि लोग बिलासपुर से सीधे दिल्ली की उड़ान को ज्यादा पसंद कर रहे थे, मगर सरकार ने इस सुविधा को स्वीकृति नहीं दी।

केंद्र के लिए सद्बुद्धि यज्ञ करेगी संघर्ष समिति

हवाई सुविधाजन संघर्ष समिति ने सीधी उड़ान सेवा को फिर से बहाल करने की मांग की है। समिति ने कहा कि मांग के बावजूद यहां के लोगों को सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। समिति के सदस्य ने बताया कि इसके लिए कल से ही आंदोलन फिर से शुरू किया जायेगा और सबसे पहले केंद्र सरकार के लिए सद्बुद्धि यज्ञ कराया जायेगा।

FILE PHOTO :

Loading

error: Content is protected !!