court me machaya hungama finalcourt me machaya hungama final

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान चोरी के आरोपी ने जमकर बवाल काटा। ट्रक चोरी के आरोप में भगतराम राजपूत को सरगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया था। 16 अक्टूबर को उसे कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान नाम पूछने पर वह बदतमीजी करते हुए कटघरे से कूदकर डायस पर चढ़ गया। इसके बाद उसने पीठासीन अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी और कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी के खिलाफ कर्मचारी शत्रुघन कुमार बेलदार ने थाना पहुंचकर शिकायत दी, जिसके आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है।

रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया गया था आरोपी

मिली जानकारी के मुताबिक, सरगांव थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत पुलिस ने भगतराम राजपूत (25 वर्ष) को ट्रक चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी को 16 नवंबर को रिमांड के लिए शाम करीब 4:30 बजे मुंगेली जिला न्यायालय लेकर पहुंची थी। पुलिसकर्मी उसे पेशी के लिए कटघरे में खड़ा करने ले जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगा।

पुलिसकर्मी आरोपी को कटघरे में खड़ा करने के लिए ले जा रहे थे, तब उसने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगा।

‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे’ – जज को दी धमकी

शिकायत में बताया गया कि आरोपी भगतराम राजपूत ने पीठासीन अधिकारी की ओर उंगली दिखाते हुए कहा कि ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे।’

इसके बाद वह कटघरे से छलांग लगाकर पीठासीन अधिकारी के सामने लगे कांच के फ्रेम के पास पहुंचा और उसे जोर-जोर से तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान पीठासीन अधिकारी के साथ न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

कांच का फ्रेम तोड़ने की भी कोशिश

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी का व्यवहार काफी अपमानजनक था। उसके इस कृत्य से पीठासीन अधिकारी और न्यायालय के कर्मचारी आहत हुए। आरोपी ने जिस तरह कांच के फ्रेम को तोड़ने की कोशिश की, उसे भी शिकायत में गंभीर बताया गया है। घटना के बाद न्यायालय की ओर से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए CJM शत्रुघन कुमार बेलदार ने स्वयं मुंगेली थाने पहुंचकर शिकायत दी।

CJM की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ FIR

CJM की शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। कोर्ट में पेशी के दौरान हुई इस घटना ने न्यायलय परिसर की सुरक्षा और वहां मौजूद कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

चाय पीने गया ड्राइवर, गायब हो गया ट्रक

दरअसल सरगांव थाना में चालक रामखिलावन कुर्मी ने ट्रक चोरी होने को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर को वह गेवरा खदान से 38.650 टन कोयला कोयला को ट्रेलर लोडकर रायपुर वंदना प्लांट के लिए निकला था। सुबह 6 बजे सरगांव पथरिया मोड़ के पास वाहन खड़ा कर के दुकान में चाय पीने चले गया, लेकिन जब वापस आया तब ट्रेलर गायब मिला।

मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान ट्रेलर में लगे जीपीएस सिस्टम के लोकेशन के आधार पर मदकू गांव में घेराबंदी कर मदकूद्वीप चौक के पास वाहन पकड़ा गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम भगतराम राजपूत बताया। इसके बाद वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अब आरोपी पर लगा नया केस

फिलहाल मामले में शिकायत के बाद मुंगेली पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 296, 351 (3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

अब ट्रक चोरी के साथ-साथ कोर्ट में बवाल मचाने, जज को धमकी देने और तोड़फोड़ के प्रयास का मामला भी उस पर चलेगा।

You missed

error: Content is protected !!