sambhar me kidasambhar me kida

कोरबा के एनटीपीसी जमनीपाली, दर्री स्थित लक्ष्मी डेयरी एंड क्रीमरी में एक बार फिर खाद्य सुरक्षा की पोल खुल गई। नाश्ता कर रहे ग्राहक को परोसे गए सांभर-चटनी में कीड़ा मिला, जिसके बाद ग्राहक भड़क गए और हंगामा खड़ा हो गया।

दुकानदार ने की अनदेखी, ग्राहक ने बनाया वीडियो

ग्राहक ने सांभर में कीड़ा देखते ही दुकानदार को बुलाया, लेकिन संचालक ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। इससे नाराज ग्राहक ने मौके पर ही वीडियो बना लिया और खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी। काफी देर तक अधिकारी नहीं पहुंचे तो ग्राहक ने वीडियो के साथ दर्री थाने में शिकायत दर्ज करा दी।

एसडीओपी-तहसीलदार ने की संयुक्त जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत, दर्री तहसीलदार और दर्री थाना पुलिस की संयुक्त टीम लक्ष्मी डेयरी पहुंची।

जांच में चौंकाने वाले हालात मिले –

  • रखे हुए सांभर-बड़े पर फफूंद लगी हुई थी
  • फ्रिज में बासी सांभर और चटनी स्टोर की गई थी
  • रसोई में भारी गंदगी पसरी थी, खाद्य पदार्थ असुरक्षित पाए गए

रसोई की हालत देखकर अधिकारी भी भड़क गए। नायब तहसीलदार ने डेयरी संचालक को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है।

पहले भी आ चुकी है शिकायत

बताया जा रहा है कि इस डेयरी में पहले भी कीड़े मिलने की शिकायत आ चुकी है। हाल ही में निहारिका स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में टॉयलेट में बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था, अब लक्ष्मी डेयरी की घटना ने कोरबा के होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You missed

error: Content is protected !!