कोरबा। रावण दहन की रात जब पूरा कोरबा बुराई के अंत का जश्न मना रहा था, ठीक उसी रात मुड़ापार दशहरा मैदान में इंसानियत को शर्मसार करने वाला खूनी खेल हो गया। डीजे पर डांस के दौरान मामूली धक्का-मुक्की में 22 साल के राहुल उर्फ गोल्डन को चाकू से गोदकर मार डाला गया। और फिर जो हुआ, वो पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।
कोरबा पुलिस ने आरोपियों को ऐसा सबक सिखाया कि देखने वाले भी कांप गए
कैसे हुई गोल्डन की हत्या? – DJ पर धक्के से शुरू, चाकू पर खत्म
मुड़ापार बाजार मैदान में विजयादशमी का मेला लगा था। डीजे बज रहा था। रेलवे कॉलोनी निवासी राहुल कुमार उर्फ गोल्डन (22) भी नाच रहा था। इसी दौरान मुड़ापार के बिट्टू चौहान से धक्का लग गया। कहासुनी, फिर गोल्डन ने बिट्टू को थप्पड़ मार दिया।
बस, यही थप्पड़ उसकी जान ले गया। बिट्टू ने अपने भाई सिक्कू चौहान, विजय चौहान और एक नाबालिग साथी को बुला लिया। देखते ही देखते चाकूनुमा धारदार हथियार निकले और गोल्डन के पेट और शरीर पर ताबड़तोड़ वार। खून से लथपथ गोल्डन वहीं गिरा और दम तोड़ दिया।
वीडियो में दिखी हैवानियत और एक युवती की हिम्मत
इस पूरी वारदात का एक खौफनाक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे भीड़ में एक साहसी युवती गोल्डन को बचाने के लिए बीच में आती है, उसे खींचती है, लेकिन हमलावर उसे भी धक्का देकर गिरा देते हैं। दूसरी युवती भी बचाने आती है, उसे भी नहीं बख्शा जाता। गोल्डन नीचे गिरता है और आरोपी गली की तरफ भाग जाते हैं।
पुलिस का ‘सबक वाला एक्शन’ – बस्ती में घुमाया, आड़े-तिरछे बाल काटे
मानिकपुर चौकी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी बिट्टू चौहान, सिक्कू चौहान, विजय चौहान को दबोच लिया। चौथा आरोपी नाबालिग निकला, उसे बाल सुधार गृह भेजा गया। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया।
और फिर बुधवार को पुलिस ने वो किया, जिसकी चर्चा आज हर गली में है।
तीनों आरोपियों के सिर पर उस्तरा चलवाकर आधे बाल मुंडवाए, आड़े-तिरछे निशान बनाए और फिर उन्हें मुड़ापार बस्ती की तंग गलियों में पैदल घुमाया। आगे-पीछे पुलिस, बीच में कान पकड़े आरोपी और मुंह पर एक ही रट —
“अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है।”
बस्ती वाले देखते रह गए। यही वो इलाका है जहाँ इन्होंने दादागिरी दिखाई थी। पुलिस का संदेश साफ था – कोरबा में गुंडागर्दी करोगे तो यही हश्र होगा।
बाद में तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जमानत खारिज हुई और सीधे जेल भेज दिया गया।

