छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन में बनाए गए गुप्त चैंबर से 4 करोड़ रुपए के नोट निकले, नोटों की गड्डियां देख पुलिस हक्का–बक्का रह गई। पकड़ा गया वाहन रायपुर से नागपुर के लिए रवाना हुआ था। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

खुर्सीपार में रात 11 बजे हुई कार्रवाई

मामला जिले के खुर्सीपार थाना इलाके का है। पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 की रात डबरापारा के पास वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई की। सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 को रोककर तलाशी ली गई।

वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था। पुलिस ने ड्राइवर भवेशभाई जीनाभाई डाभी और साथी विष्णुदेव दुबे से पूछताछ की तो दोनों के व्यवहार पर शक हुआ।

गुप्त चैंबर में छिपाया था कैश

तलाशी के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में बना एक विशेष गुप्त चैंबर (Hidden Chamber) मिला। जब पुलिस ने उसे खोला तो अंदर नोटों की गड्डियां ही गड्डियां थीं। गिनती करने पर कुल रकम 4 करोड़ रुपए निकली।

हवाला कनेक्शन की आशंका, आयकर विभाग को सूचना

पुलिस ने कैश जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। प्राथमिक जांच में नागपुर कनेक्शन सामने आया है। हवाला के पैसे होने की आशंका जताई जा रही है।

वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेज दी गई है, ताकि पता लगाया जा सके कि आखिर इतनी बड़ी रकम कहां से कहां भेजी जा रही थी। दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

error: Content is protected !!