deepak mittal death 2deepak mittal death 2

चंडीगढ़/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बड़े राइस मिलर और सरकारी राशन सप्लाई के बड़े कारोबारी दीपक मित्तल (56) की चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 21 अक्टूबर की सुबह होटल के कमरे में उनका शव मिला। घटना के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।

दरवाजा खुला था, बिस्तर पर बेसुध मिले

पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 6 बजे होटल का वेटर कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर दीपक मित्तल बिस्तर पर बेसुध पड़े थे। वेटर ने उठाने की कोशिश की, कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। होटल प्रबंधन ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

2 दिन पहले से ठहरे थे, मार्कफेड की बैठक में आए थे

दीपक मित्तल 2 दिन पहले ताज होटल में ठहरे थे। वे चंडीगढ़ में मार्कफेड की बैठक में शामिल होने आए थे। खबरों के मुताबिक वे पंजाब सरकार की लगभग 1000 करोड़ की राशन किट सप्लाई के बड़े ठेकेदार थे। उनकी अपनी राइस मिलें हैं।

कमरे से शराब-दवाइयां मिलीं, साथ आई युवती से पूछताछ

पुलिस सूत्रों के मुताबिक होटल के कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाइयां बरामद हुई हैं। साथ ही एक युवती के साथ होटल में आने की जानकारी मिली है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आखिरी समय में उनके साथ क्या हुआ था। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

होटल प्रबंधन ने जताया दुख

ताज होटल के प्रवक्ता ने घटना पर दुख जताया और कहा कि उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं, होटल पुलिस को पूरा सहयोग कर रहा है।

कौन थे दीपक मित्तल?

रायपुर निवासी दीपक मित्तल बहुत बड़े राशन कारोबारी थे। उनका पुराना विधानसभा के पास ग्राम सकरी में राइस मिल है। छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में चावल, शक्कर, गुड़ की सरकारी सप्लाई का काम था। बताया जा रहा है कि उनका खुद का चार्टर प्लेन भी है। निधन की खबर से छत्तीसगढ़ के व्यवसाय जगत में शोक है।

You missed

error: Content is protected !!