videsh me hua pyarvidesh me hua pyar

कोरबा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक छोटे से गांव की बेटी और यूरोप के नीदरलैंड में रहने वाले युवक की शादी इन दिनों जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। पामगढ़ ब्लॉक के भुईगांव के वार्ड क्रमांक 07, नालापारा की रहने वाली 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड के 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम को अपना जीवनसाथी चुना है। सात समंदर पार से आए दूल्हे और छत्तीसगढ़ की बेटी के इस रिश्ते को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह और उत्सुकता देखी जा रही है।

बीते 16 अक्टूबर को अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता के समक्ष दोनों के विवाह की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। तीन गवाहों की मौजूदगी में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विवाह प्रमाण-पत्र भी जारी किया गया।

भुईगांव जैसे छोटे से गांव से नीदरलैंड तक जुड़ा यह रिश्ता लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हर कोई जानना चाहता है कि आखिर क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान की मुलाकात कहां हुई? दोनों के बीच नजदीकियां कैसे बढ़ीं और प्रेम कहानी की शुरुआत किस तरह हुई?

संगीत सीखने के दौरान बढ़ी नजदीकियां

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक क्रिस्टीना नथेनियल संगीत सिखने नीदरलैंड गई हुई थी, इसी दौरान उसकी मुलाकात क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम से हुई। संगीत की शिक्षा के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और फिर दोनों ने विवाह का फैसला किया।

एक तरफ गांवों में आज भी पारंपरिक तरीके से रिश्ते तलाशने का चलन है, तो दूसरी तरफ भुईगांव की बेटी ने विदेश में अपना हमसफर चुना है। सरहदों और दूरियों से परे बने इस रिश्ते ने जिले में लोगों का ध्यान खींचा है। फिलहाल, भुईगांव की बेटी और नीदरलैंड के युवक की शादी स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

You missed

error: Content is protected !!