दुर्ग। दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान ब्लड सैंपल के साथ ‘रीलबाजी’ करना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है।
क्या था वायरल वीडियो में?
दरअसल 24 अगस्त को तीनों महिला टेक्नीशियनों ने ड्यूटी के दौरान ही लैब के अंदर रील बनाई। एक वीडियो में एक टेक्नीशियन हाथ में टेस्ट ट्यूब लेकर कैटवॉक करती दिख रही है, दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर मस्ती करते हुए रील बनाई गई। 5 दिन बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

कैसे हुई कार्रवाई?
वीडियो सामने आते ही सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने लैब प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी किया – ड्यूटी पर लैब में वीडियो कैसे बना? जवाब के साथ ही HLL लाइफकेयर लिमिटेड (जो लैब का संचालन करती है) को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया। जांच के बाद कंपनी ने तीनों महिला कर्मियों को तत्काल सेवा से बर्खास्त कर दिया।
अब विभाग जांच कर रहा है कि रील बनाने के दौरान मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच और लैब की व्यवस्था पर असर तो नहीं पड़ा।

पहले भी विवादों में रही है लैब
यह वही अटल आरोग्य लैब है जो पहले भी सवालों में रही है। हाल ही में 24 वर्षीय युवक की HIV रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई, दोबारा जांच में निगेटिव निकली थी। तब भी मशीनों के कैलिब्रेशन पर सवाल उठे थे। अब रील कांड ने लैब की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
FAQ: ब्लड सैंपल हाथ में लेकर कैटवॉक
Q1. पूरा मामला क्या है?
Ans: दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में 24 अगस्त को 3 महिला टेक्नीशियनों ने ड्यूटी के दौरान ब्लड सैंपल और लैब उपकरणों के साथ रील बनाई, जो वायरल हो गई।
Q2. कार्रवाई किसने की?
Ans: सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज के नोटिस के बाद लैब संचालित करने वाली कंपनी HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों को बर्खास्त किया।
Q3. लैब पहले भी विवाद में आई थी?
Ans: हां, हाल ही में एक युवक की HIV रिपोर्ट पहले पॉजिटिव और दोबारा निगेटिव आने पर लैब सवालों में थी।

