दल्लीराजहरा। बालोद जिले के डौंडीलोहारा नगर में आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई है। एक ही आवारा कुत्ते ने नगर के अलग-अलग इलाकों में 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं।

कैसे मचा आतंक?

जानकारी के मुताबिक आवारा कुत्ते ने नगर के अलग-अलग स्थानों पर अचानक लोगों पर हमला कर दिया। किसी के पैर तो किसी के हाथ में काटा। घायलों में कुछ डौंडीलोहारा के स्थानीय हैं तो कुछ बाहर से आए हुए लोग भी हैं।

सभी घायल CHC में भर्ती, 3 की हालत गंभीर

सभी घायलों को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार जारी है। इनमें से 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है। घटना के बाद नगर में लोग घरों से निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।

कौन हैं गंभीर घायल?

– भगवती यादव (60 वर्ष, टिकरापारा): किराना दुकान से काम कर घर लौट रही थीं, तभी कुत्ते ने हमला किया।

– शशिकला (संजय नगर): शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं, हाथ और पैर में काटा।

– मानो बाई (60 वर्ष, चिल्हाटीकला): गांव से बैंक आई हुई थीं, कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। इन तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

आवारा कुत्तों की समस्या पर उठे सवाल

एक साथ 13 लोगों को काटने की घटना के बाद नगर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों को पकड़ने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

error: Content is protected !!