जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर सो रहे बुजुर्ग दंपती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी घर से करीब 70 से 80 हजार रुपए के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
खून से सने शव और घर में पसरा सन्नाटा
सुबह जब बड़े बेटे हरिशंकर साहू खेत जाने से पहले पिता के घर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो पिता संतराम साहू का शव जमीन पर और मां श्याम बाई साहू का शव खाट पर खून से लथपथ पड़ा था। यह मंजर देखकर परिवार में कोहराम मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटनास्थल पर मिले खून के निशान और अहम सुराग
पुलिस जांच में घटनास्थल और बाहर सड़क तक खून से सने पैरों के निशान मिले हैं। इसके अलावा मौके से होली का मुखौटा और नकली बाल भी बरामद किए गए हैं, जिससे अंदेशा है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए इनका इस्तेमाल किया।

पेड़ के सहारे घर में घुसे आरोपी
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी घर के पास लगे पेड़ के सहारे चढ़कर अंदर दाखिल हुए थे। खून के निशानों के आधार पर यह भी संभावना जताई जा रही है कि वारदात में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।
हाल ही में हुई थी पोते की शादी
बताया जा रहा है कि मृतक संतराम साहू खेती-किसानी के साथ पान दुकान भी चलाते थे और दंपती घर में अकेले रहते थे। हाल ही में 28 मार्च को उन्होंने अपने बड़े पोते की शादी करवाई थी, जिसके बाद घर में जेवर होने की जानकारी आरोपियों को मिल गई होगी।

लूट के इरादे से हत्या की आशंका
महिला के गले से सोने का हार गायब मिला है, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि वारदात को लूट की नीयत से अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। एसपी विजय कुमार पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

