भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने कटक सर्कल के खनन अधिकारी देवब्रत मोहंती को एक लाइसेंसी कोयला डीलर से 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
ओडिशा विजिलेंस डिपार्टमेंट ने माइनिंग डिपार्टमेंट के अधिकारी डिप्टी डायरेक्टर देबब्रत मोहंती को ₹30,000 की रिश्वत लेते पकड़ा है। अफसर के घर से 4 करोड़ कैश मिला है। कैश को उन्होंने ट्रॉली बैग और अलमारियों में छिपाकर रखा था, ऑफिस की दराज से 1.20 लाख रुपये मिले, वहीं भुवनेश्वर में उनका आलीशान दो-मंज़िला घर और लगभग 130 ग्राम सोना भी मिला है।
विजिलेंस से मिली जानकारी के मुताबिक, खनन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर देवब्रत मोहंती कोयला डिपो को ठीक से चलाने और परिवहन की इजाजत देने का वादा करके यह पैसा रिश्वत के तौर पर ले रहे थे. पकड़े जाने के बाद भुवनेश्वर विजिलेंस पुलिस स्टेशन ने केस दर्ज कर लिया है। देवब्रत से इस बारे में और पूछताछ की जा रही है।
अब तक की सबसे बड़ी रकम की बरामदगी
विजिलेंस से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, आज यानी बुधवार को भुवनेश्वर में श्रीविहार नेचर्स अपार्टमेंट फ्लैट नंबर 302 में खनन विभाग के अधिकारी देवब्रत मोहंती के घर से 4 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश जब्त किया गया। अधिकारियों ने बताया कि विजिलेंस के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी जब्त रकम है।
अधिकारियों ने बताया कि पैसे को ट्रॉली बैग और अलमारी में छिपाकर रखा गया था। विजिलेंस टीम पैसे गिन रही है। इसके अलावा मोहंती के ऑफिस के दराज से 1 लाख 20 हजार रुपये जब्त किए गए हैं। साथ ही, भद्रक मठसाही में उनके पुश्तैनी घर, कटक ऑफिस पर भी छापेमारी चल रही है।
इसके अलावा, विजिलेंस डिपार्टमेंट ने भुवनेश्वर की पहाड़ियों के पास 2400 वर्ग फीट की दो मंजिला इमारत, सुनालंका गांव के पास 130 वर्ग मीटर की दो मंजिला बिल्डिंग पर भी छापेमारी की है। भुवनेश्वर विजिलेंस पुलिस स्टेशन ने केस (1/2026) दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। छापेमारी जारी है। छापेमारी के बाद उनकी सभी संपत्तियों का आकलन किया जाएगा।

