पटना। बिहार के बक्सर जिले में शादी का माहौल तब बिगड़ गया जब आशिक ने दुल्हन को जयमाला के दौरान पेट में गोली मार दी। गोली मारने के बाद वह फरार हो गया। दुल्हन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा के मल्लाह टोली में शादी का समारोह अचानक चीख पुकार में बदल गया। स्टेज पर जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था कि सनकी आशिक ने जयमाल के स्टेज पर ही दुल्हन को गोली मार दी। गोली दुल्हन के पेट में लग गई।

परिजनों ने बताया कि रात में स्टेज पर जयमला की रस्म चल रही थी, सब नाचने गाने में व्यस्त थे कि तभी दुल्हन के पूर्व आशिक ने स्टेज पर ही दुल्हन को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद दुल्हन को बक्सर के सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। गोली मारने के बाद आशिक वहां से फरार हो गया। दुल्हन की पहचान आरती कुमारी, पिता नंद जी मल्लाह के रूप में हुई है।
बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमानपुर गांव से चौसा आई थी। रात में जयमाला की रस्म चल रहा थी। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे और दोनों परिवार सगे संबंधी जयमाल की रस्म देख रहे थे। इसी दौरान एक शख्स मुंह ढक कर स्टेज तक पहुंचा और दुल्हन आरती को गोली मार दी। गोली लगने के बाद आरती स्टेज पर गिर गई और वह बोली कि दिनबंधु ने मुझे गोली मार दिया है।

पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी युवक पहले भी शराब के एक मामले में जेल जा चुका है। इस घटना के तुरंत बाद बारात के लोग वापस लौट गए। और शादी वाले पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।

error: Content is protected !!