रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के शासनकाल में हुए 3200 करोड़ से अधिक के शराब घोेटाले को लेकर ईडी ने छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग के अधिकारियों को विशेष कोर्ट में तलब किया है। यह सभी अभी निलंबित हैं। और अधिकांश फरारी काट रहे हैं। इनमें एक महिला आईएएस अफसर के पति भी हैं। ईडी की नोटिस पर पहले चरण में 18 अधिकारी आज कोर्ट में पेश हुए हैं। उसके बाद शेष को बुलाया जाएगा। करीब 50 लोगों को बुलाए जाने की खबर है।

बता दें कि बजट सत्र से पहले बीते 19 फरवरी को ही राज्य सरकार ने इस मामले में 29 आबकारी अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की अनुमति दे दी है। इस फैसले के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को आगे की कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया था ।

माना जा रहा है कि इन अधिकारियों की गिरफ्तारी जल्द हो सकती है। फिलहाल सभी आरोपी अधिकारी निलंबित बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़ी फाइल पिछले करीब एक महीने से मंत्रालय में लंबित थी। चर्चा यह भी रही कि कुछ प्रभावशाली लोग आरोपित अधिकारियों को बचाने की कोशिश कर रहे थे।

ईडी की जांच और चार्जशीट में शामिल इन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध बताई गई है। जांच के दौरान कई अधिकारियों ने यह स्वीकार किया कि उन्हें शराब सिंडिकेट से हर महीने तय राशि मिलती थी।

आरोप है कि यह रकम अवैध शराब बिक्री को बढ़ावा देने और दुकानों में ओवररेटिंग को नजरअंदाज करने के बदले दी जाती थी। बताया जा रहा है कि यह पूरा नेटवर्क जिला स्तर से लेकर मुख्यालय तक फैला हुआ था। ईडी ने इस मामले में कुल 33 आबकारी अधिकारियों को आरोपी बनाया था। अब बाकी 29 अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज होने की संभावना है।

You missed

error: Content is protected !!