गरियाबंद। रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू की लाश राजिम थाना क्षेत्र में नहर के किनारे मिली थी। चंचल 30 जनवरी से बिना बताए घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी। इस मामले में अब पुलिस की जांच नए मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस अब इस घटना को श्यामनगर के आश्रित ग्राम धूमा निवासी 28 वर्षीय सुमन नागरची की संदिग्ध मौत से जोड़कर देख रही है। दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने की चर्चा तेज है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
पेड़ पर लटका मिला था सुमन का शव
जानकारी के मुताबिक, 2 फरवरी की सुबह धूमा गांव में सुमन नागरची का शव उसके घर की बाड़ी में पेड़ से लटका मिला था। परिजनों ने बताया कि उसे 1 फरवरी की देर रात तक देखा गया था। सुबह जब वह घर में नहीं दिखा तो तलाश की गई, जिसके बाद बाड़ी में पेड़ पर फांसी के फंदे पर उसका शव मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
सुमन शादीशुदा था, लेकिन पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद वह रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर में अपने मामा के घर रहकर पिकअप ड्राइवर का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह सामान्य व्यवहार कर रहा था और किसी गंभीर तनाव की जानकारी उन्हें नहीं थी।
30 जनवरी से लापता थी चंचल
इधर रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू 30 जनवरी से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में उसकी सड़ी-गली लाश गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में श्यामनगर-देवरी मार्ग स्थित नहर किनारे झाड़ियों में मिली। शव की स्थिति काफी खराब थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।
प्रेम प्रसंग की चर्चा, पुलिस कर रही जांच
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि चंचल और सुमन के बीच प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि सुमन चंचल के पड़ोस में रहता था और दोनों एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि पुलिस ने प्रेम प्रसंग की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इसी एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
घटनाक्रम को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि सुमन ने पहले चंचल की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह केवल संभावना है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। यह भी जांच का विषय है कि युवती की मौत हत्या है या आत्महत्या।
तकनीकी जांच पर फोकस
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड, क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की टीम को जांच में लगाया गया है। दोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि 30 जनवरी के बाद दोनों के बीच आखिरी बातचीत कब और कहां हुई थी। मोबाइल लोकेशन, कॉल हिस्ट्री और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
हर एंगल से जांच
धूमा गांव गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में आता है। राजिम पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों को जोड़कर हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक विश्लेषण के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि चंचल की मौत किन परिस्थितियों में हुई और सुमन की आत्महत्या के पीछे क्या कारण थे।
फिलहाल पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग मामले के शीघ्र खुलासे की मांग कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तथ्य सामने लाकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

