कोरबा। एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र में बीते दो माह पूर्व खदान मे कार्यरत कामगारों को हो रही जटिल समस्याओं को गंभीरता से लेते हुये 05 बिंदुओं पर एटक, एचएमएस एवं इंटक यूनियन द्वारा संयुक्त रूप से आंदोलन किया गया था, उक्त आंदोलन को संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक), एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष बी.एल. महंत (राजवीर) ने पूर्ण रूप से समर्थन दिया था, मगर दूसरी और एटक कुसमुण्डा के क्षेत्रीय सचिव अजीत कुमार सिंह ने एसईसीएल प्रबंधन को पत्र लिखकर आंदोलन के लिये दिये गये नोटिस/क्षेत्रीय अध्यक्ष के हस्ताक्षर को शून्य घोषित करते हुये आंदोलन से किनारा कर लिया था। बावजूद इसके बी.एल. महंत (राजवीर) उक्त आंदोलन मे शामिल हुये थे, तब से संगठन मे उठा-पटक शुरू हो गई थी।
आंदोलन के दौरान हुए मतभेद से आहत होकर संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष बी.एल. महंत (राजवीर) ने एसकेएमएस के केंद्रीय महामंत्री अजय विश्वकर्मा को बीते दिनों पत्र प्रेषित कर अपने केंद्रीय सचिव एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष पद तथा संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) के प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे दिया है।
महंत ने क्या लिखा है त्यागपत्र में..?
बी.एल. महंत ने त्याग पत्र मे उल्लेख किया है कि संगठन मे पिछले 01 वर्ष से क्षेत्रीय सचिव द्वारा मनमाना रवैया अपनाया जा रहा है, संगठन में मनमर्जी से पदाधिकारियों एवं समिति सदस्यों का फेरबदल करना, यूनियन के बैंक खाते में क्षेत्रीय अध्यक्ष का नाम न जुड़वाना (जो संदेह जनक है), मजदूरों की वाजिब हक की लड़ाई पर चुप्पी साध लेना इत्यादि की मौखिक एवं लिखित रूप से एटक एसईसीएल के केंद्रीय महामंत्री अजय विश्वकर्मा को दी गई, परंतु ऐसा प्रतीत होता है कि क्षेत्र संगठन की कोई भी चिंता केंद्रीय महामंत्री जी को नही है। उन्होंने लिखा है कि सामने केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी 04 लेबर कोड है, और कुसमुण्डा क्षेत्र में हम मजदूरों की वाज़िब हक की लड़ाई नही लड़ पा रहे हैं, ऐसे में मजदूर एटक का साथ छोड़ देंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष होने के नाते मजदूरों के प्रति जवाब देही है, परंतु क्षेत्रीय सचिव के मनमाने रवैये से संगठन मे रहकर मजदूरों के कुछ भी नही कर पा रहे हैं, केंद्रीय महामंत्री द्वारा संगठन की बिगड़ी दशा को सुधार की दिशा मे आज पर्यन्त कोई भी कदम नही उठाया गया, जिससे आहत होकर बी.एल. महंत ने दिनांक 15.02.2026 को एसकेएमएस (एटक) के समस्त पदों एवं संगठन की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

दीपिका में क्षेत्रीय अध्यक्ष दे चुके है सामूहिक इस्तीफा
बता दें कि एसईसीएल दीपिका क्षेत्र में कुछ दिनों पूर्व ही एटक के क्षेत्रीय अध्यक्ष सामूहिक इस्तीफा दे चुके हैं। संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) एसईसीएल के केंद्रीय महामंत्री अजय विश्वकर्मा एवं दीपका क्षेत्रीय सचिव विनोद यादव पर मनमानी ढंग से संगठन चलाने सहित 07 बिंदुओं पर आरोप लगाते हुये एटक के राष्ट्रीय महामंत्री कामरेड अमरजीत कौर को पत्र लिखकर एसकेएमएस (एटक) दीपिका क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष व क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्य जीत सिंह, क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्य सत्येंद्र कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय सह-सचिव यज्ञेश कुमार द्विवेदी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व क्षेत्रीय आवास समिति के सदस्य सुरेंद्र कुमार स्वर्णकार, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष व क्षेत्रीय खान सुरक्षा समिति के सदस्य रामनारायण राजवाड़े, दीपका परियोजना के अध्यक्ष मनमीत सिंह सहित 23 क्षेत्रीय और शाखा कार्यकारिणी के सदस्यों ने पद से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
इस्तीफे की अगली कड़ी में अब यूनियन छोड़ चुके नेताओं के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। देखना है कि ये नेता कोई समानान्तर संगठन तैयार करते हैं या फिर किसी दूसरे यूनियन से हाथ मिलाते हैं।

