रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में राजस्व विभाग की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद के दौरान गंभीर स्थिति निर्मित हो गई। दरअसल झड़प के बाद एक ग्रामीण की संदेहास्पद मौत हो गई, वहीं दो अन्य ग्रामीणों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में एसडीएम समेत राजस्व अधिकारियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
खनिज परिवहन से जुड़े ट्रक पर कार्यवाही करने पहुंची थी टीम
मिली जानकारी के मुताबिक, राजस्व विभाग की टीम बॉक्साइड से जुड़े एक ट्रक पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मौके पर मारपीट का माहौल बन गया।
झड़प के कुछ समय बाद एक ग्रामीण की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि झड़प के दौरान हुई कथित मारपीट के चलते ही युवक की मौत हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करुण डहरिया, नायब तहसीलदार सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। आधिकारिक तौर पर मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी।
तनाव के चलते फोर्स तैनात
इधर, अस्पताल के बाहर स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। घटना में घायल दो अन्य ग्रामीणों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है।

